बरेली के सीबीगंज में बिहार के रहने वाले मजदूर ने अपने मालिक से दुश्मनी निकालने को उनके परिवार के दो बच्चों की हत्या की कोशिश की। एक बच्चे की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। हत्या कर भागा आरोपी भी सड़क हादसे का शिकार होकर जान गंवा बैठा।
सीबीगंज की खना गौंटिया निवासी फईम कश्मीर में भवन निर्माण व वेल्डिंग ठेकेदार है। 19 दिसंबर को उसकी शादी थी। उसके पास काम करने वाला कर्मचारी बिहार निवासी नरेश यादव भी शादी में आया था और घर में ही रह रहा था।
दोपहर में वह फईम के भतीजे पांच साल के सुभान पुत्र नईम और भांजे चार साल के अमान पुत्र अबरार को चीज दिलाने की बात कहकर गन्ने के खेत में ले गया। वहां दोनों बच्चों का गला दबाने लगा। बच्चों के चीखने पर खेतों पर काम कर रहे लोग दौड़े तो नरेश भाग निकला। बच्चों को घरवाले जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने सुभान को मृत घोषित कर दिया।
इधर, हत्यारोपी नरेश भागता हुआ बड़ा बाईपास पर परधौली के पास पहुंचा। वहां वह किसी वाहन की चपेट में आ गया। पुलिस ने उसे भोजीपुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। मृत बच्चे के पिता नईम ने नरेश पर हत्या की रिपोर्ट कराई है।