बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में एक शख्स ने घर में घुसकर पशुप्रेमी महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। पीड़ित महिला ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली में मर्सी फॉर ऑल सोसाइटी की संचालक पशु प्रेमी शालिनी अरोड़ा पर एक व्यक्ति ने घर में घुसकर ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे शालिनी घायल हो गई। वहां से गुजर रहे खरीदने वाले मुल्ला जी ने उनको बचाया और आरोपी को भी दबोच लिया। शालिनी ने इज्जतनगर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
मुंशी नगर निवासी शालिनी अरोड़ा ने थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया कि वह अपनी सहायिका के साथ घरेलू काम कर रही थीं। तभी एक व्यक्ति उनके घर में घुसने लगा। शालिनी के घर में पलने वाले कुत्तों ने अचानक घुसे व्यक्ति पर झपट्टा मारा तो उसने ईंट से कुत्तों पर हमला कर दिया।
आरोपी ने सिर पर मारी ईंट
शालिनी ने उस व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने ईंट शालिनी के सिर पर मार दी। शालिनी की सहायिका कुमकुम उन्हें बचाने आई तो उस पर भी हमला कर दिया। शालिनी के घर के सामने कबाड़े का काम करने वाले मुल्ला जी ने उस व्यक्ति को रोका तो उसने उनकी भी पिटाई कर दी। उनको भी चोट आई है।
विज्ञापन
हालांकि मुल्ला जी ने आरोपी व्यक्ति को काबू में कर लिया। शालिनी ने अपने पशु अस्पताल से कर्मचारी बुलाकर हमलावर को थाने भिजवाया। शालिनी की ओर से इज्जतनगर थाने में हमलावर निसार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी का चालान किया गया है।