ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि मौजूदा दौर में बांग्लादेश में हालात बेहद नाजुक हैं। वहां हिंदुओं पर जुल्म-ज्यादती हो रही है। वहां के अल्पसंख्यकों हिंदुओं की रक्षा व सुरक्षा करना हम लोगों की जिम्मेदारी है।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही जुल्म व ज्यादती पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बांग्लादेश के हालात बहुत नाजुक हो चुके हैं। वहां अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ रोजाना मॉब लिंचिंग, मारपीट, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं बहुत ही अफसोसनाक और चिंताजनक हैं।
विज्ञापन
मौलाना बरेलवी ने भारत के मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि अगर भारत के हिंदू भाई सड़कों पर उतरते हैं, धरना प्रदर्शन करते हैं तो मुसलमान भी हिंदू भाइयों का सड़कों पर उतर कर साथ दें। बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों की रक्षा व सुरक्षा करना भारत के लोगों की जिम्मेदारी है।
बांग्लादेश को बर्बाद करना चाहते हैं कट्टरपंथी
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि इस्लाम मानवता की शिक्षा देता है। एक इंसान के कत्ल को पूरी इंसानियत का कत्ल करार देता है। मगर बांग्लादेश में कट्टरपंथी विचारधारा के लोग इस्लाम को बदनाम कर रहे हैं। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से मिलकर कट्टरपंथी लोग बांग्लादेश को बर्बाद कर देना चाहते हैं। मुहम्मद युनूस की हुकूमत कानून व्यवस्था में फेल हो चुकी है। भारत में कुछ राजनीतिक लोग भारत की घटनाओं को बांग्लादेश की घटनाओं से जोड़ने का काम कर रहे हैं, जो घोर निंदनीय है ऐसे लोग इंसानियत के दुश्मन हैं।