145 किमी का सफर तय करके भवाली पहुंचे राहुल हादसे के बाद बेहद भावुक थे। उन्होंने बताया कि परिजनों ने बाबा नीम करौरी महाराज के दर्शन करने की इच्छा जताई थी। बताया कि बृहस्पतिवार सुबह भवाली पहुंचते ही कैंची धाम की तरफ से आ रही कार को पास देने के चक्कर में ये हादसा हुआ और उनकी गाड़ी नदी में जा गिरी।
राहुल की मां गंगा देवी, पत्नी बृजेश कुमारी (26) व साली नैंसी गंगवार (24) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राहुल के बेटे ऋषि पटेल (7), स्वाति (20) पुत्री भूपराम, ज्योति (25) पत्नी करन, करन (30) व अक्षय पुत्र चंदन पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।
ज्योति, करन, स्वाति और अक्षय को बृहस्पतिवार शाम बरेली शहर के प्रेमनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से कुछ की हालत नाजुक है। राहुल ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अच्छी हालत वाली स्कार्पियो गाड़ी खरीदी थी। इन दिनों बहन बहनोई व साली घर पर आए हुए थे। उन लोगों के परिवार की कैंची धाम में आस्था है। परिवार ने बातचीत में तय किया और सभी लोग कैंची धाम निकल गए। हादसे की सूचना पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मां को पुकारता रहा ऋषि
सड़क हादसे में घायल ऋषि (7) को जब भवाली सीएचसी लाया गया तो वह अपनी मां बृजेश कुमारी को पुकारता रहा। ऋषि रोते हुए अपनी मां, दादी और मौसी के बारे में पूछता रहा। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे गोद में उठाकर सबके सही होने का भरोसा दिलाया। ऋषि को रोता देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।