लखीमपुर खीरी। 15 ब्लॉकों के नवनिर्वाचित प्रमुखों को ब्लॉक मुख्यालयों पर दो पालियों में समारोहपूर्वक संबंधित एसडीएम ने शपथ ग्रहण कराई। इसके बाद सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई गई। सभी जगह शपथ ग्रहण के बाद समिति की पहली बैठक भी कराई गई।
सदर ब्लॉक में एसडीएम सदर डॉ अरुण कुमार सिंह ने प्रमुख दिव्या सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसके बाद प्रमुख ने सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई। इस दौरान बीडीओ संतोष कुमार, एडीओ पंचायत मौजूद रहे।
इंद्रेश चौधरी, आलोक कटियार और कल्पना वर्मा ने ली शपथ
धौरहरा। शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख धौरहरा इंद्रेश चौधरी, ईसानगर में आलोक कटियार व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को एसडीएम धौरहरा रेनू ने शपथ ग्रहण कराई। समिति की पहली बैठक भी कराई गई। वहीं, रमियाबेहड़ में एसडीएम निघासन ओमप्रकाश गुप्ता ने ब्लॉक प्रमुख कल्पना वर्मा को शपथ दिलाई। यहां भी समिति की पहली बैठक हुई। संवाद
मितौली में खुशबू सिंह ने शपथ ली
मितौली। ब्लॉक सभागार में पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर, विधायक सौरभ सिंह सोनू, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. नरेंद्र सिंह व राजीव वर्मा, पुष्पा सिंह व बीडीओ चंदन देव पांडे की मौजूदगी में एसडीएम दिग्विजय सिंह ने पहले चरण में 11 बजे नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख खुशबू सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके बाद ब्लॉक प्रमुख खुशबू सिंह ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। संचालन पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजीव वर्मा ने किया। संवाद
सांसद रेखा वर्मा की मौजूदगी में शिखा सिंह ने शपथ ली
पसगवां। पसगवां कांड के बाद निर्विरोध चुनी गईं शिखा सिंह को एसडीएम स्वाति शुक्ला ने शपथ दिलाई। इसके बाद प्रमुख शिखा सिंह ने बीडीसी सदस्यों को शपथ दिलाई। इसके बाद प्रथम बैठक हुई, जिसमें प्रधानों की अनुपस्थिति रही, लेकिन बीडीओ ने प्रधानों की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया तो बाहर बैठे प्रधानों को बुलाया गया, लेकिन अधिकतर प्रधान घर जा चुके थे। प्रधान नरेंद्र यादव, राम औतार आदि ने कहा कि पहली बार मीटिंग में बुलाने के बाद उन्हें प्रवेश की अनुमति नही दी गई। पसगवां कांड के बाद एएसपी अरुण कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवाद
नकहा ब्लॉक के प्रमुख पवन गुप्ता ने ली शपथ
लखीमपुर खीरी। नकहा ब्लॉक सभागार में नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता को उपजिलाधिकारी सदर डॉ अरुण कुमार सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र के पुत्र डॉ अभिमन्यु मिश्रा ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख को बधाई दी, एवं सभी बीडीसी एवं ग्राम प्रधानों को ईमानदारी के साथ विकास में सहयोग देने के लिए बात कही। भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुल भूषण सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। संवाद
बेहजम में बीना राज ने शपथ ग्रहण की
एसडीएम मितौली दिग्विजय सिंह ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख बीना राज को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिसके बाद ब्लॉक प्रमुख बीना राज ने सदन में मौजूद 101 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद हुई बैठक में विकास कार्यों की कार्य योजना तैयार की गई। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री बंशीधर राज, पूर्व राज्यसभा सांसद रवि प्रकाश वर्मा जिला पंचायत सदस्य छोटे लाल वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पति व जिला पंचायत सदस्य राम शंकर राज, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शुभेंद्र सिंह, कृष्ण राज, जगदीश राज आदि मौजूद रहे। संवाद
बांकेगंज में कुसुमा देवी ने शपथ ली
बांकेगंज। बांकेगंज ब्लॉक में एसडीएम गोला अखिलेश यादव ने ब्लॉक प्रमुख कुसुमा देवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। बाद में प्रमुख ने सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सदस्यों के साथ प्रमुख ने समिति की पहली बैठक की, जिसमें छह समितियों का गठन किया गया। इससे पहले प्रमुख पति राम नरेश ने विधायक रोमी साहनी का मल्यार्पण कर स्वागत किया। समारोह में बीडीओ अमित सिंह, रोमी कक्कड़, पूर्व प्रमुख राकेश अर्कवंशी, पूर्व प्रधान गजराम सिंह, हंसराम आदि मौजूद रहे। संवाद
निघासन में हरप्रीत कौर को शपथ दिलाई
निघासन। नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख हरप्रीत कौर को एसडीएम ओपी गुप्ता और बाद में 147 बीडीसी सदस्यों को ब्लॉक प्रमुख ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। खंड शिक्षा अधिकारी डीके सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमनदीप सिंह, विनोद वर्मा, पिंटू यादव बीडीओ राकेश कुमार मौजूद रहे। संवाद
वीरेंद्र शुक्ला, नेहाराज, महेंद्र बाजपेयी, विमल कुमार वर्मा ने भी ली शपथ
पलियाकलां। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र शुक्ला व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को एसडीएम डॉ अमरेश कुमार ने शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रोमी साहनी व विशिष्ट अतिथि आशीष मिश्र मोनू भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक आयोजित की गई। जिसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों को उद्देश्य एवं दायित्व के बारे में बताया गया। इस दौरान बीडीओ डॉ विनय कुमार मिश्रा, एडीओ पंचायत चैनूराम भी मौजूद रहे।
बिजुआ। ब्लॉक सभागार बिजुआ में नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख नेहाराज को एसडीएम पलिया अमरेश कुमार ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभागार में 119 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ मुख्य अतिथि के रूप में गोला विधायक अरविंद गिरि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे।
मोहम्मदी। एसडीएम ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख महेंद्र बाजपेयी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख ने सभी 115 बीडीसी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिन्होंने शपथ ली है जनप्रतिनिधि के नाते उनका दायित्व बढ़ गया है, अब उन्हें सबका साथ सबका विकास को लेकर कार्य करना है।
गोला गोकर्णनाथ। मंगलवार को ब्लाक कुंभी गोला मुख्यालय सभागार में एसडीएम अखिलेश यादव नए ब्लॉक प्रमुख विमल कुमार वर्मा सहित बीडीसी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।