ईसाईयों की पुलिया पर हुआ हादसा, नाक पर आए आठ टांके
बरेली। चाइनीज मांझा लगातार लोगों को लहूलुहान कर रहा है। ईसाईयों की पुलिया चौराहे पर सोमवार को चाइनीज मांझे की चपेट में आकर फतेहगंज पश्चिमी का एक जरी कारोबारी का चेहरा बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
फतेहगंज पश्चिमी के अंसारी मोहल्ला में रहने वाले मुश्ताक अंसारी रविवार शाम चार बजे बाइक से सेटेलाइट चौराहे की तरफ जा रहे थे। ईसाईयों की पुलिया पर अचानक उनके आगे मांझा आ गया। जब तक वह कुछ समझ पाते, मांझा उनके चेहरे पर आ गया और इसकी तेज धार ने नाक के ऊपरी हिस्से पर गहरा जख्म बना दिया। अचानक इस घटना से असंतुलित हुए मुश्ताक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद दौड़े आसपास के लोगों ने उन्हें सड़क से उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उनकी नाक पर आठ टांके लगाए गए हैं। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें साथ ले गए।
लगातार घटनाएं फिर भी कार्रवाई नहीं
चाइनीज मांझे से अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं। श्यामगंज पुल पर इस मांझे से महिला सिपाही की गर्दन कटने के बाद एडीएम सिटी ने पुल के आसपास के इलाके में धारा 144 लागू करके मजमा लगाने पर कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद इसका विस्तार कर उन इलाकों में निषेधाज्ञा लगाई गई थी जहां मांझा निर्माण किया जाता है। मालूम हो कि कई शिक्षकों, पुलिसकर्मियों, छात्रों और एक पत्रकार को भी यह मांझा लहूलुहान कर चुका है। सख्त कार्रवाई न होने से पूरे शहर में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।