मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। वाहन की टक्कर से बाइक से जा रहे गांव शिवपुरी निवासी सुनील कुमार उर्फ पिंटू (19) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। सुनील अपने साथी के साथ पिता के अंतिम संस्कार का सामान लेने जा रहा था। हादसे के दौरान बाइक पर बैठे दोनों लोग हेलमेट नहीं लगाए थे।
कोतवाली मैगलगंज की पुलिस चौकी फत्तेपुर के गांव शिवपुरी निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उसके पिता रामआसरे को कैंसर था। शुक्रवार की शाम पिता की मौत हो गई। शनिवार की सुबह भाई सुनील कुमार पिता की अंत्येष्टि की सामग्री लेने गांव चंदीपुर जा रहा था। बाइक पर गांव का ही कमलेश कुमार भी बैठा था। शनिवार सुबह आठ बजे एलपीजी गैस एजेंसी के पास सामने से आ रहे वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। दोनों को मितौली सीएचसी लाए, जहां पर डॉक्टरों ने सुनील कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल कमलेश कुमार (19) अस्पताल में भर्ती है।
दो मौतों से गांव में सन्नाटा
मैगलगंज। सुनील कुमार का शव पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की शाम जब गांव पहुंचा तो उसके परिवार में कोहराम मच गया। गांव में जिसने यह सुना वह सकते में रह गया।
गांव शिवपुरी निवासी सुनील कुमार दो भाइयों में छोटा था। पिता रामआसरे की मौत से पूरा परिवार शोक में था। अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रहीं थी। कुछ सामान कम रह गया, जिसे लेने सुनील दोस्त कमलेश कुमार के साथ निकला था। जब उसके हादसे में मौत की खबर घर पहुंची तो सभी सकते में रह गए। परिवार वालों ने जैसे-तैसे उसके पिता के शव का अंतिम संस्कार किया। इधर पुलिस ने सुनील कुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव पहुंचते ही परिवार में चीखपुकार मच गई। मृतक के भाई अनिल ने बताया कि रविवार को सुनील के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।