बरेली। मिनी बाइपास स्थित विपिन चौराहे पर बृहस्पतिवार रात जबर्दस्त हंगामा हो गया। गुरुग्राम से पति व बच्चे को छोड़कर दूसरे समुदाय के प्रेमी संग जिम में ट्रेनर का काम कर रही युवती को ले जाने की कोशिश में उसके भाई की पिटाई कर दी गई। युवती के भाई व परिजनों के समर्थन में विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा व नारेबाजी की। तीन घंटे बाद पुलिस ने देर रात भीड़ को हटाया। आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है।
कर्मचारी नगर निवासी युवती की शादी छह साल पहले मैनपुरी जिले के किशनी इलाके में हुई थी। उसके पति हरियाणा के गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। युवती का पांच साल का बेटा भी है। वह पति के साथ गुरुग्राम में ही रह रही थी। बताते हैं कि युवती छह महीने पहले पति से विवाद करके मायके आ गई। यहां वह मिनी बाइपास स्थित अभय उपाध्याय के एयू फिटनेस जिम में बतौर ट्रेनर नौकरी करने लगी।
युवती के भाई के मुताबिक, यहां दूसरे जिम ट्रेनर शोएब ने उनकी बहन को फुसला लिया। उन लोगों ने शोएब के साथ बहन को देखा तो अक्तूबर में उसे उसके पति के पास गुरुग्राम पहुंचा दिया। इसी महीने की शुरुआत में उसकी बहन दोबारा गुरुग्राम से चली आई। इस बार वह अपने बेटे को भी वहीं सेक्टर 68 में ससुराल में छोड़ आई। तब बहनोई ने पांच नवंबर को सेक्टर-65 थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी। तभी से वह लोग बहन को तलाश कर रहे थे।
भाई ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि बहन कुछ दिनों तक शोएब के साथ बाहर रही, फिर वह बरेली आ गई है और दोनों उसी जिम में मौजूद हैं। शाम सात बजे युवती का भाई जिम पहुंचा तो वहां उसे बहन मिल गई। वह उसे खींचकर साथ ले जाने लगा तो शोएब और जिम मालिक अभय उपाध्याय आ गए। इन दोनों ने जिम में मौजूद अपने गुर्गों के साथ मिलकर युवती के भाई की पिटाई कर दी। ब्यूरो
सूचना पर पहुंचे पदाधिकारियों ने घेरा जिम
जिम से बाहर निकलकर भाई ने विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों को अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी दी। इस पर दुर्गेश गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और परिवार के साथ सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे की जानकारी पर इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह पुलिस के साथ पहुंचे। पुलिस ने जब जाम खुलवाने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारी और भड़क गए। स्थिति बिगड़ने पर इज्जतनगर थाना प्रभारी ने आसपास के थानों से फोर्स बुलाकर इलाके को घेरे में ले लिया। रात साढ़े नौ बजे एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाया। फिर युवती व परिजनों को लेकर पुलिस इज्जतनगर थाने पहुंची।