मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव गहवरा के युवक की बुलंदशहर के सिकंदराबाद में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, गांव गहवरा का 20 वर्षीय युवक सोनू सिकंदराबाद में काफी समय से मजदूरी करता था। वह वहीं पर रहकर काम करता था। सोमवार को काम पर जाते समय किसी वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर युवक के परिवार के सदस्य सिकंदराबाद आ गए। शव का बिना पोस्टमॉर्टम कराए गांव गहवरा ले आए।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों के कहने पर हरद्वारी लाल ने बेटे के शव के पोस्टमॉर्टम के लिए मीरगंज पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर अपने अधीनस्थों के साथ गांव पहुंचे और युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सोनू अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी। उसकी मौत से गांव में मातम पसरा है। संवाद