भोजीपुरा। हल्द्वानी से बीमार मां को देखने शाहजहांपुर जा रहे एक युवक को भोजीपुरा ओवरब्रिज पर रविवार को अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
परिजनों के हवाले से एसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि 35 वर्षीय कोषपाल शाहजहांपुर के थाना मीरानपुर कटरा के गांव बाजपुर कुर्मिका का रहने वाला था। हल्द्वानी में रहकर ट्रैक्टर-ट्राॅली पर चालक के पद पर नौकरी करता था। कोषपाल रविवार को हल्द्वानी से अपनी बाइक से बीमार मां को देखने शाहजहांपुर स्थित अपने गांव जा रहा था। दोपहर 12 बजे भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भोजीपुरा ओवरब्रिज पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची भोजीपुरा पुलिस ने मृतक के पैंट की जेब से मिले मोबाइल नंबर पर उसकी शिनाख्त की। सूचना पर परिवार से पिता चंद्रपाल, मृतक की पत्नी नेहा व अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। एसआई सुखदेव सिंह ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद
हादसे में घायल की इलाज के दौरान मौत
शाही। सड़क दुर्घटना में शनिवार को घायल 45 वर्षीय ग्रामीण की अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को दिन में मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव के रहने वाले श्याम बिहारी पुत्र विद्याराम शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपनी बाइक से बुआ के घर खेउ की गोटिया जा रहे थे। शाही-मिर्जापुर मार्ग पर पुल के नजदीक सामने से आ रहे वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही श्याम बिहारी सड़क पर गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है। सूचना पर पहुंचे पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टर ने उसे बरेली अस्पताल में भेज दिया, जहां इलाज की दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक को एक पुत्री और दो पुत्र हैं। पत्नी का बिलख-बिलख कर बुरा हाल है। पोस्टमाॅर्टम के बाद पहुंचे मृतक के शव के अंतिम संस्कार करा दिया गया। संवाद