आंवला। रामनगर रोड पर महाराजपुरम तिराहा के पास अनियंत्रित होकर बाइक ई-रिक्शा से टकराने के बाद सड़क पर गिरी महिला को टैंकर ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठीं चार अन्य सवारियां बाल-बाल बचीं। हादसे के बाद जाम भी लग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव रेवती निवासी सुरेंद्र पाल ने बताया कि रविवार को वह पत्नी कुमकुम, भाभी अनीता व दो बच्चों के साथ मलगांव स्थित ससुराल में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। सोमवार को पांचों लोग एक ही बाइक पर बैठकर घर लौट रहे थे।
रामनगर रोड पर महाराजपुरम तिराहे के पास बराबर में चल रही बाइक के चालक ने अचानक से कट लिया। दूसरे वाहन को लहराता देख वह बाइक पर से नियंत्रण खो बैठे। अनियंत्रित होकर उनकी बाइक पास खड़े ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में सड़क पर गिरीं भाभी अनीता (31 वर्ष) को सामने से आ रहे टैंकर ने चपेट में ले लिया। पहिये के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्राम प्रधान सिराज ने बताया कि सुनीता के पति मुनेंद्र पंजाब में मजदूरी करते हैं। उनको सूचना दे दी गई है। सुनीता के परिवार में पांच साल की बेटी व छह महीने का बेटा है।
कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया जाम
हादसे के बाद मौके पर लगे जाम को खुलवाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर बाद आवागमन सुचारू हो सका। जिस वाहन से हादसा हुआ, पुलिस ने उसे थाने में खड़ा कराया है। उसका चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने बताया कि यहां सड़क के दोनों ओर ई-रिक्शा खड़े रहते हैं। इस वजह से जाम लगने के साथ ही आए दिन हादसे भी होते हैं।