आंवला। टीकाकरण के बाद छह माह की बच्ची के पैर में घाव हो गया। उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद बच्ची स्वस्थ हुई। बच्ची के पिता ने मामले की शिकायत एसडीएम से की है।
मोहल्ला भुर्जीटोला निवासी कमल कुमार ने बताया कि अक्तूबर महीने में उन्होंने मोहल्ला घेर अन्नू खां स्थित सरकारी स्कूल में भमोरा थाना क्षेत्र के गांव कुड्डा निवासी एएनएम से बेटी शिवांगी का टीकाकरण कराया था। जिस जगह पर टीका लगाया गया, वहां घाव होने लगा।
एएनएम से बात करने पर उसने आंगनबड़ी कार्यकर्ता के पास भेज दिया। उसने कहा कि कुछ दिन में घाव अपने आप ही सही हो जाएगा। हालत में सुधार न होने पर निजी चिकित्सक से उपचार कराया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। एसडीएम विदुषी सिंह ने सीएचसी प्रभारी को मामले की जांच कर आख्या देने के लिए कहा है।