बिशारतगंज (बरेली)। चंदौसी से बृहस्पतिवार रात पैसेंजर ट्रेन से बरेली जा रही गोरखपुर की महिला को ट्रेन में सवार दंपती ने मदद का झांसा देकर बिशारतगंज रेलवे स्टेशन पर उतार लिया। जंगल में ले जाकर फोन व नकदी छीन लिया। लूट की शिकार महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत की तो पुलिस ने मामला रेलवे का बताकर थाना जीआरपी जाने की सलाह देकर टरका दिया।
गोरखपुर के थाना गोला के गांव देवकाली निवासी महिला संजू ने बताया कि वह गलत ट्रेन में सवार होकर बृहस्पतिवार को चंदौसी जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वहां से बरेली आने के लिए चंदौसी में अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। वहां उन्हें एक महिला अपने पति व नौ वर्ष की बेटी के साथ मिली। दंपती ने मदद का भरोसा देते हुए गोरखपुर के लिए बरेली से ट्रेन पर बैठाने की बात कही। इस आश्वासन पर महिला दंपती के साथ पैसेंजर ट्रेन में सवार हो गई। रात्रि 11:30 बजे वह दंपती के साथ बिशारतगंज रेलवे स्टेशन पर उतर गई। वह लोग उसको जंगल की ओर ले गए। डरा धमकाकर एक मोबाइल फोन व करीब दो हजार की नकदी छीन ली।
महिला सुबह थाने पहुंची तो पुलिस ने रेलवे का मामला बताकर टरका दिया। संवाद