इफको आंवला। बस में चढ़ते समय पैर फिसलने से हादसे में सद्भावना कॉलोनी कंधरपुर थाना कैंट निवासी 45 वर्षीय महिला मुन्नी देवी की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इफको टाउनशिप स्थित टैटनी टाइटस स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मुन्नी देवी विद्यालय के अवकाश के बाद अपने घर जाने के लिए म्यूजिकल फाउंटेन तिराहे पर बस का इंतजार कर रही थी। बस आने पर महिला बस में चढ़ रही थी। तभी उनका पैर फिसल गया। इस बीच चालक ने बस चला दी। महिला बस के पिछले पहिये के नीचे आकर गंभीर घायल हो गई। महिला को इफको स्थित अस्पताल ले जाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक थाना भमोरा के अनुसार शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा जा रहा है। इफको जनसंपर्क अधिकारी विनीत शुक्ला ने बताया कि मृतक के परिवार को मानवीय आधार पर सहायता देने का प्रयास रहेगा। संवाद