फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली: सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी से 80 लाख की ठगी, साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर ट्रांसफर कराई रकम

Sun, 29 Nov 2026 02:40 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी महिला से 80 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। उनको 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा। डराया और धमकाया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। 
विज्ञापन
पीड़ित सुनीला शर्मा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में साइबर ठगों ने घर में अकेली रह रहीं सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी सुनीला शर्मा को 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा और मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर उनसे 80.20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। अखबार में छपी खबर पढ़कर पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

विज्ञापन


सुनीला शर्मा ने रिपोर्ट में बताया है कि वह सिविल लाइंस स्टेशन रोड की निवासी हैं और घर में अकेली रहती हैं। 26 अक्तूबर को उनके मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने कहा कि उनके बैंक खाते में मनी लॉन्ड्रिंग की रकम आई है। इसके बाद उन्हें लगातार जेल भेजने का डर दिखाया गया। आरोपियों ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल पर लगातार जुड़े रहने और किसी को कुछ न बताने की हिदायत दी। डर के कारण महिला ने आरोपियों के बताए खातों में अलग-अलग तारीखों में रकम ट्रांसफर कर दी।

बैंक खातों से ट्रांसफर कराई गई रकम
महिला ने बताया कि आरोपियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 27 अक्तूबर को 25.10 लाख रुपये ट्रांसफर कराए। इसके बाद 29 अक्तूबर को आरटीजीएस के माध्यम से 35.10 लाख रुपये अन्य खाते में ट्रांसफर कराए। छह नवंबर को फिर 7.50 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिये ट्रांसफर कराए गए। पांच नवंबर को एसबीआई खाते से 7.50 लाख रुपये और 20 नवंबर को पांच लाख रुपये ट्रांसफर कराए। इस तरह कुल 80.20 लाख रुपये की ठगी की गई।

विज्ञापन
Trending Videos

अखबार की खबर से मिली हिम्मत तो फोन बंद कर दी तहरीर
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अखबार में शहर निवासी हकीम खुर्शीद व एक अन्य व्यक्ति के साथ इसी तरह डिजिटल अरेस्ट कर ठगी से जुड़ी खबर पढ़ी थी। इससे उन्हें कुछ हिम्मत मिली और उन्होंने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर अज्ञात ठगों के खिलाफ तहरीर दी। अब साइबर थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। आरटीजीएस के जरिये रकम ट्रांसफर किए जाने की रसीदें भी पुलिस को दी गई हैं।

एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने बताया कि साइबर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है कि ठगी में शामिल लोगों के फोन नंबर व बैंक खाते कहां के हैं? अपेक्षित इनपुट मिलने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। बैंक स्तर पर भी पूछताछ कर डाटा लिया जाएगा।

जानिए, क्या है डिजिटल अरेस्ट
ठग वीडियो कॉल पर व्यक्ति को घर में ही कैद होने का अहसास कराते हैं। कॉल डिस्कनेक्ट करने, घर से बाहर जाने और किसी से बात करने पर रोक लगाते हैं। डर और दबाव में व्यक्ति से रकम ट्रांसफर करा लेते हैं।

पुलिस व सरकारी एजेंसियां नहीं करतीं डिजिटल अरेस्ट
पुलिस, सीबीआई, ईडी, कस्टम या अन्य सरकारी एजेंसियां वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी नहीं करतीं। कोई भी असली अधिकारी फोन पर ओटीपी, पिन, सीवीवी, बैंक खाता या आधार-पैन की कॉपी नहीं मांगता। नोटिस हमेशा लिखित में, सरकारी पते पर आधिकारिक माध्यम से आता है।

ऐसे फंसाते हैं ठग
- पार्सल में ड्रग्स, हथियार या फर्जी पासपोर्ट मिलने का दावा करते हैं।
- आधारकार्ड या सिमकार्ड का गलत इस्तेमाल होने की धमकी देते हैं।
- वीडियो कॉल के बैकग्राउंड में नकली थाना, वर्दी, नेमप्लेट और फर्जी वारंट दिखाते हैं।
- मामला खत्म करने के नाम पर तुरंत रुपये भेजने का दबाव बनाते हैं।
विज्ञापन

ये बरतें सावधानी
- डराने वाली वीडियो कॉल आते ही उसे डिस्कनेक्ट कर दें, लंबी बातचीत न करें।
- किसी के कहने पर स्क्रीन शेयर न करें। एनीडेस्क, टीम व्यूअर जैसे एप डाउनलोड न करें।
- ओटीपी, पिन, बैंक डिटेल किसी से साझा न करें।
- कॉल करने वाले नंबर पर वापस कॉल न करें, विभाग का आधिकारिक नंबर खुद खोजकर संपर्क करें।
- घर के किसी सदस्य को तुरंत जानकारी दें, अकेले फैसला न लें।

खाते से रकम कट जाए तो...
- तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
- http://cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
- तुरंत बैंक को सूचना देकर खाता फ्रीज कराएं।
- संचार साथी पोर्टल http://sancharsaathi.gov.in के चक्षु फीचर पर नंबर की रिपोर्ट करें।

वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर के लिए विशेष अपील
- डराने वाली कॉल आए तो पहले परिवार को बताएं।
- अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल रिसीव न करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें