बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये वसूलने और दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कराया है। महिला ने बहुजन सम्यक पार्टी (मिशन) के अध्यक्ष रक्षपाल सागर और उसके साथी कथित मीडियाकर्मी जितेंद्र गंगवार उर्फ बिल्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
45 वर्षीय महिला ने इज्जतनगर थाना प्रभारी को बताया कि रक्षपाल सागर ने उसे पार्टी का पदाधिकारी बनाया था। उसने पेय पदार्थ में नशा मिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और गुप्त कैमरे से वीडियो बना लिया। इसी वीडियो के आधार पर रक्षपाल व उसके दोस्त जितेंद्र गंगवार ने उसे लखनऊ के एक होटल में ले जाकर और पार्टी कार्यालय पर कई बार बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। महिला ने अपनी व परिवार की बदनामी के डर से यह बात छिपाई।
जेवर गिरवी रखकर भी दी रकम
आरोपियों ने वीडियो डिलीट करने के बदले उससे करीब पांच लाख रुपये वसूल लिए। रुपये देने के लिए महिला ने गांव निवासी नेमचंद्र से 3.12 लाख रुपये कर्ज लिए और कई बार अपने जेवर भी गिरवी रखकर इन दोनों को रुपये दिए। इसके बावजूद आरोपी लगातार रुपये की मांग कर रहे थे और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे।
बेटी का रिश्ता न होने देने की धमकी
आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने और रुपये नहीं दिए तो वह वीडियो उसके भाई, पिता और बच्चों को भेज देंगे। आरोपियों ने समाज में बदनाम करने और उसकी बेटी का रिश्ता नहीं होने देने की बात कही। महिला ने आरोपियों से वीडियो डिलीट करने की बहुत मिन्नत की, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी।
रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ में अनैतिक संबंध व रुपयों के लेन-देन की बात भी सामने आई है। आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस सभी तथ्यों की छानबीन कर रही है। - शिवम आशुतोष सिंह, एएसपी