हाफिजगंज। शादी का झांसा देकर आरोपी ने युवती का यौन उत्पीड़न किया। अब जब युवक की अग्निशमन विभाग में नौकरी लग गई तो उसने शादी से इन्कार कर दिया। युवती ने आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस थाने में सोमवार को तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना हाफिजगंज के गांव निवासी युवती ने दी तहरीर में आरोप लगाया है कि थाना नवाबगंज के एक गांव के दूर का रिश्तेदार का उसके घर आना-जाना था। उस समय वह लगभग 15 वर्ष की थी। उस समय उसके माता-पिता जब खेत पर काम करने या रिश्तेदारी या शादी समारोह में जाते तो घर आकर आरोपी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था।
युवक उसे झांसे में लेकर कहता था कि जब वह बालिग हो जाएगी तो वह उससे शादी करेगा। वह जब गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया था। इसके बाद चार वर्ष तक उसके संपर्क में रहा। वर्ष 2022 में उक्त की अग्निशमन विभाग में नौकरी लग गई तो आरोपी ने उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया। दूसरे नंबर से कॉल करने पर गाली देते हुए शादी से इन्कार कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद