बरेली। बरेली कॉलेज में बृहस्पतिवार को हुई परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में तीन छात्र-छात्राएं नकल करते पकड़े गए। इनमें से एक छात्रा एडमिट कार्ड पर उत्तर लिखकर लाई थी।
प्रथम पाली में बीए राजनीति शास्त्र की परीक्षा के दौरान व्यक्तिगत परीक्षाओं में एक छात्रा के पास से चार नकल की पर्चियां बरामद हुई, इसी तरह एक छात्र के पास से भी सात पर्चियां बरामद की गईं। चीफ प्रॉक्टर डॉ. इंदीवर सिंह ने बताया कि एक अन्य छात्रा एडमिट कार्ड पर नीचे की ओर छोटे-छोटे अक्षरों में उत्तर लिखकर पहुंची, कक्ष निरीक्षक को शक हुआ तो उन्हें उड़न दस्ते को सूचित किया। इसके बाद छात्रा की चेकिंग हुई तो पकड़ी गई। बृहस्पतिवार को प्रथम पाली में 1606 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 73 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 494 और शाम की पाली में 668 विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे, दोपहर व शाम की दोनों पालियों को मिलाकर कुल नौ विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
कार से पेपर देने पहुंची पप्पू भरतौल की बहू, चीफ प्रॉक्टर कार लौटाई
केसीएमटी कॉलेज में अध्ययनरत पूर्व विधायक पप्पू भरतौल की बहू रोली मिश्रा भी परीक्षा देने पहुंची, जिन्हें छोड़ने के लिए कार अंदर तक आई। कॉमर्स ब्लॉक में परीक्षा होने कारण कार कॉमर्स ब्लॉक तक पहुंची, जिसके बाद रोली अपने चेकिंग कराकर परीक्षा देने चली गईं। चीफ प्रॉक्टर डॉ. इंदीवर सिंह ने बताया कि कार कॉमर्स ब्लॉक तक पहुंची थी, इसके बाद कार वापस करवा दी गई।
80 की स्पीड में महाविद्यालय में दौड़ाई कार
बरेली कॉलेज में परीक्षा के दौरान दोपहर की पाली में तकरीबन 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार में एक सफेद रंग की कार कॉलेज के पश्चिमी गेट से पूर्वी गेट तक दौड़ती हुई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार कॉलेज के ही स्टाफ की थी, बैरियर खुला देखकर कार तेज रफ्तार में चलते हुए निकल गई, बताया जा रहा है कि कार स्टाफ का ड्राइवर दौड़ाता हुआ ले गया, इस दौरान बैरियर पर खड़े कर्मचारियों ने भी किनारा कर लिया। इस पर चीफ प्रॉक्टर डॉ. इंदीवर सिंह ने बताया कि ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए दोनों बैरियर पर एक-एक स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएंगे।