फरीदपुर। पेट्रोल पंप से डीजल न मिलने की वजह से पिछले तीन दिन से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां खड़ी हैं। इस वजह से कस्बे में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं। लोग परेशान हो रहे हैं। अफसर और पालिकाध्यक्ष एक-दूसरे को इस लापरवाही का जिम्मेदार बता रहे हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार के अनुसार, यह दिक्कत पेट्रोल पंप संचालक को वर्ष 2023 से भुगतान न मिलने की वजह से आई है। भुगतान न मिलने से परेशान होकर संचालक ने गाड़ियों के लिए डीजल देना बंद कर दिया। ऐसे में गाड़ियां खड़ी हो गईं। तीन दिन से गाड़ियां कूड़ा उठाने के लिए जा ही नहीं पा रहीं।
सफाई कर्मी गलियों से तो कूड़ा उठे रहे हैं, मगर यह डलावघर पर इकट्ठा हो रहा है। उठान न होने से डलावघरों पर कूड़े का ढेर बड़ा होता जा रहा है। जगह की कमी के चलते कई जगह से सफाईकर्मी कूड़ा उठा भी नहीं रहे हैं।
सड़कों पर पड़े कूड़े की वजह से बदबू उठ रही है। यहां से लोगों का गुजरना मुश्किल है। वहीं, मामले में नगर पालिका अध्यक्ष शराफत जारी वाले ने बताया कि उनकी तरफ से पेट्रोल पंप संचालक को भुगतान कराने में कोई देरी नहीं की जाती है। नगर पालिका के कुछ लोग नगर की सफाई व्यवस्था चौपट करने के लिए भुगतान में जानबूझकर विलंब करवाते रहते हैं।