बरेली। बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में होने वाले जलभराव से निजात के लिए नगर निगम बदायूं रोड पर रामगंगा तक नाले का निर्माण कराएगा। इसके लिए सीएनडीएस को एस्टीमेट तैयार करने को कहा गया है।
नगर निगम जल निकासी की प्लानिंग में जुटा है। इसके लिए हजियापुर में संपवेल लगाने के लिए जमीन देखी चुकी है। अब बदायूं रोड पर रामगंगा तक नाले का निर्माण कराने की योजना है। इसके लिए जल निगम की इकाई सीएनडीएस को एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। बदायूं रोड पर अभी सिर्फ एक ही नाला है, जो करगैैना से आगे तक बना है। मुख्य अभियंता संजय कुमार चौहान ने बताया कि इस नाले के पानी को रामगंगा में छोड़ा जाना है, लेकिन आगे नाला नहीं बना है। लिहाजा सुभाषनगर के साथ ही शांति विहार, मढ़ीनाथ आदि इलाकों में जलभराव की समस्या बनी रहती है। अब इस नाले का रामगंगा तक निर्माण किया जाएगा ताकि पानी रामगंगा में छोड़ा जा सके। सीएनडीएस ने सर्वे करके रिपोर्ट भी नगर निगम को सौंप दी है। करगैना के आगे दो रास्ते हैं, जहां से नाले को निकालकर रामगंगा तक ले जाया जा सकता है। हालांकि नदी में गंदा पानी न जाए, इसके लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाया जाएगा।