नवाबगंज/क्योलड़िया। भदपुरा ब्लॉक क्षेत्र में वन्यजीव के लगातार विचरण से ग्रामीणों में दहशत है। उनका दावा है कि यह तेंदुआ है। रविवार को भौआ बाजार में इरशाद अहमद की पांच बकरियों को वन्यजीव ने निवाला बनाया था। वन विभाग ने मृत बकरियों का पोस्टमॉर्टम कराकर वन्यजीव को पकड़ने के लिए जंगल में पिंजड़ा लगाया है।
भौआ बाजार से 16 किमी दूर विशेषपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक वन्यजीव का फोटो वायरल हुआ था। इसके बाद भौआ बाजार में बकरियों के शव मिले। उन्होंने तेंदुए के हमले का दावा करते हुए पकड़ने की मांग की थी। वन विभाग के रेंजर केके मिश्रा और बीट प्रभारी अकबरी अली ने टीम के साथ खोज अभियान चलाया। सिलरा, अमीर नगर और कुंवरपुर तुलसी पट्टी गांव के बाशिंदों ने भी तेंदुआ देखे जाने का दावा किया है। हालांकि वन विभाग की टीम को जंगल में वन्यजीव के पगचिह्न नहीं मिले।