बरेली। थाना इज्जतनगर इलाके में मोरनिया गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने ट्रैक्टर से पॉपुलर की लकड़ी बेचने रामपुर जा रहे ठेकेदार और चालक को असलहों के बल पर लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ लूटपाट की और गन्ने के खेत में उनके हाथ-पैर बांधकर डाल गए। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने अभी तक मुकदमा नहीं लिखा है।
थाना भोजीपुरा के रतना जागीर गांव निवासी तसव्वुर हुसैन लकड़ी की ठेकेदारी करते हैं। वह अहिलादपुर गांव के रवि पटेल की ट्रैक्टर-ट्राली से पॉपुलर की लड़की बेचने के लिए रामपुर जा रहे थे। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मोरनिया गांव के पास रवि पटेल ने ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी करके पीछे से आने वाले साथियों को इंतजार करना शुरू कर दिया। उनके साथ चलने वाली दूसरी ट्रैक्टर-ट्राली नहीं आई। आधी रात को तीन बाइकों पर सवार होकर नौ लोग आ धमके। उन्होंने आते ही तसव्वुर और रवि को पकड़ लिया। उन्हें पड़ोस के गन्ने के खेत में ले गए और हाथ पैर बांध दिए। बदमाश रवि से पांच हजार और तसव्वुर बीस हजार रुपये लूट ले गए। इसके अलावा मोबाइल और जैक भी ले गए हैं। घटना की सूचना पर रात को ही दरोगा ने मौके का मुआयना किया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी है लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
नकटिया के पास डीसीएम चालक को लूटा
बरेली। हाईवे पर नकटिया के पास कार सवार बदमाशों ने डीसीएम चालक की पिटाई करके 28 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया।
शाहजहांपुर के तिलहर निवासी रामौतार डीसीएम में शहर से सरकारी कर्मचारी का सामान लेकर रायबरेली जा रहा था। नकटिया के पास उसकी डीसीएम में पंचर हो गया। रात करीब 12 बजे वह अपनी डीसीएम का टायर बदल रहा था। इस दौरान अचानक एक कार आकर रुकी। उसमें से उतरते ही बदमाशों ने रामौतार की पिटाई करनी शुरू कर दी। वह उससे 28 हजार रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंचे चीता मोबाइल के सिपाहियों ने पीड़ित को टरका दिया।