बरेली। प्रदेश व्यापी बिजली चेकिंग अभियान पहली जुलाई से शुरू हो रहा है। अभियान के तहत हाथोंहाथ बिजली कनेेक्शन दिए जाएंगे और भार स्वीकृति भी होगी। इसके लिए निर्धारित फार्म और शपथ पत्र आदि देना जरूरी नहीं होगा। पहले दिन जिले भर में 12 टीमें एसीएम, सीओ और एसडीओ नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाएंगी।
जिला प्रशासन और बिजली विभाग ने पहली जुलाई से दो महीने तक चलने वाले विशेष अभियान के लिए तैयारियां कर ली हैं। चीफ इंजीनियर पीके गुप्ता ने जिले भर में 12 टीमें बनाई हैं। अधीक्षण अभियंता शहर मधुकर वर्मा और एसई ग्रामीण हरि प्रकाश गुप्ता अभियान पर निगरानी रखेंगे। संबंधित एसीएम, सीओ और एसडीओ टीम प्रभारी बनाए गए हैं। हर टीम में छह सदस्य होंगे। छह टीमें तहसीलों पर और छह शहर में चेकिंग करेंगी। इलाकों को संवेदनशील और असंवेदनशील में बांटा गया है। पहले दोनों ही इलाकों में चेकिंग होनी थी लेकिन रमजान शुरू हो जाने के चलते मुख्य सचिव के निर्देश पर केवल असंवेदनशील इलाकों में ही चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पहली बार राजस्व वसूली के साथ ही नए कनेक्शन भी जारी करने का लक्ष्य तय किया गया है। बरेली मंडल में एक लाख नए कनेक्शन देने का लक्ष्य है।
इन इलाकों में चेकिंग
सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, मलूकपुर, आकाशपुर, सिटी सब्जी मंडी, संजय नगर, चौपुला, मिनी बाईपास और सभी तहसील मुख्यालयों पर चेकिंग होगी। अल्पसंख्यक इलाकों में चेकिंग से परहेज किया जाएगा।
मीटर बिना कनेक्शन मिलेगा
विभाग में मीटर किल्लत काफी समय है। थ्री फेस वाले आवेदक सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इसलिए विभाग बिना मीटर रसीद काटकर कनेक्शन देगा। कनेक्शन सादे कागजों और शपथ पत्र पर जारी होगा। सिर्फ दो माह तक ही यह सुविधा रहेगी। इससे पहले विभागीय नियमों के तहत बिना मीटर नया कनेक्शन देने पर रोक लगी थी। किसी भी क्षेत्र का निवासी चेकिंग दल से मौके पर कनेक्शन ले सकता है। इसके लिए निर्धारित शुल्क देना होगा। खराब मीटर बदलने का काम भी मौके पर होगा। आवेदन पर कम और ज्यादा कनेक्शन भार किया जाएगा। जिन स्थानों पर बिल नहीं पहुंच रहे हैं और रीडिंग गलत आ रही उसे ठीक किया जाएगा। साथ ही खंभावार कनेक्शन दर्ज होंगे।
‘पहली जुलाई से विशेष अभियान शुरू हो रहा है। उपभोक्ता अपनी समस्याएं मौके पर हल करा सकते हैं। मौके पर ही नए कनेक्शन आदि प्राप्त कर सकते हैं।’ - मधुकर वर्मा, एसई शहर