फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रावस्ती में गाज गिरी, असर बरेली तक

Fri, 06 Jun 2014 05:33 AM IST
Bareilly
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
श्रावस्ती के आकस्मिक दौरे में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने छह अधिकारियों पर गाज क्या गिराई, बरेली में भी अफसर दहशत में आ गए। डीएम अभिषेक प्रकाश और सीडीओ भगवान सिंह तो गांवों में गए ही उनके अलावा डीपीआरओ, डीआरडीए के पीडी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, डीआईओएस, बीएसए आदि अफसरों से भी निरीक्षण कराया गया। इन्होंने मौके पर अधूरे मिले कार्यों को पूरा कराने के लिए न सिर्फ कर्मचारियों को कसा बल्कि खुद भी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं। सारे अफसरों ने जिम्मेदार अधीनस्थ अफसरों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री की कार्रवाई का डर भी दिखाया। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री जब आकस्मिक दौरे पर आएं तो उन्हें सब कुछ ओके मिले।


घुंसा में फिर वही अंधेरगर्दी
डीएम ने लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिव को सस्पेंड किया
सरकारी योजना वाले आवास के लिए घूस मांगने वाले पर प्रधान के खिलाफ जांच शुरू
सुबह साढ़े छह बजे डीएम पहुंचे घुंसा गांव
राशन कार्ड तक बनाने में पक्षपात पर बिफरे
तुरंत 108 एपीएल कार्ड बनाने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। भोजीपुरा के जिस घुंसा गांव में सूबे के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल पहुंचे थे और विकास कामों में तेजी लाने का निर्देश दिया था, उस गांव में सरकारी अंधेरगर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े छह बजे पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत निरीक्षण के लिए डीएम अभिषेक प्रकाश घुंसा पहुंचे। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा मिलने पर लेखपाल खलील अहमद और सफाई व्यवस्था समेत विभिन्न कामों में लापरवाही बरतने वाले ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र गंगवार को मौके पर ही निलंबित कर दिया।
विज्ञापन

डीएम ने चौपाल लगाई जिसमें ग्रामीणों ने सरकारी तंत्र की पोल खोलकर रख दी। बताया कि सरकारी योजना के तहत बनाए जा रहे आवास दिलाने के लिए प्रधान रिश्वत मांगते हैं। इस पर डीएम ने ग्राम प्रधान मुबीउद्दीन के खिलाफ जांच के आदेश जारी किए। जांच जिला पंचायत राज अधिकारी ताराचंद पांडेय करेंगे। कई लोगों के राशन कार्ड निरस्त करने और पक्षपात करने की शिकायत पर डीएम ने मौके पर ही अभ्यर्थियों के आवेदनों की जांच की और परीक्षण पूरा कराते हुए तत्काल 108 एपीएल कार्ड बनाने का निर्देश दिया। रेशमा ने शिकायत की कि खाते में विधवा पेंशन नहीं आई है तो तत्काल बीडीओ को जांच का आदेश दिया। खराब संपर्क मार्ग को तुरंत ठीक कराने और नियमित रूप से गांव की एक गली रोज साफ कराने का आदेश दिया। इस जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, एसडीएम मनीष नाहर आदि मौजूद थे।

सोरहा गांव में नाली पर कब्जा कर बने शौचालय हटाने का निर्देश
बरेली (ब्यूरो)। घुंसा के बाद डीएम नवाबगंज के सोरहा गांव में सुबह साढ़े आठ बजे पहुंचे। वहां पता चला कि नाली पर ही अवैध रूप से कब्जा कर कई लोगों ने शौचालय बना लिए हैं। इन अवैध कब्जों को बृहस्पतिवार शाम तक न हटाने वालों पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। गांव के तीन तालाब पर अवैध कब्जा कर मकान बना लिए जाने की जांच एसडीएम को दी और शिकायत सही मिलने पर केस दर्ज कराने को कहा। गांव में सिर्फ 13 इंदिरा आवास मिले जबकि एक भी लोहिया आवास नहीं बना है। ग्रामीणों ने महज पांच घंटे ही बिजली मिलने की जानकारी दी और कहा कि प्रधान बच्चों को खेलने का सामान नहीं देते। डीएम ने तुरंत पांच लड़कों की एक कमेटी बनाई और खेल का सारा सामान उनके हवाले करने का आदेश दिया। गांव में एक माध्यमिक विद्यालय बनाने का प्रस्ताव बनाने को कहा। यहां कुल 31 गलियां गिनाई गईँ और इनके सड़कों के निर्माण के लिए 92 लाख रुपये का इस्टीमेट बना है जबकि 20 लाख रुपये ही मिले हैं और नौ गलियों मेें ही सड़कें बन पाई हैं। इस दौरान एसडीएम इंदुमति साथ थीं।


विकास भवन चमकाया गया
जिले में विकास कार्यों का केंद्र विकास भवन अब पहले जैसा गंदा नहीं दिख रहा है। उसकी चमक बढ़ चुकी है। यहां भी मुख्यमंत्री के आने की संभावना पर पंचायतों से सफाई कर्मी बुलाकर साफ-सफाई करा ली गई है। मेन गेट की सीढ़ियों पर गमले भी रख दिए गए हैं। सारे दफ्तरों का रिकार्ड व्यवस्थित कराया गया है। सीडीओ लगातार सभी विभागों के अफसरों से तैयारियों की मानीटरिंग कर रहे हैं।

एक पीएचसी बंद मिला, दूसरे से डाक्टर नदारद
बरेली। सीडीओ भगवान सिंह ने बृहस्पतिवार को फतेहगंज पश्चिमी के लोहिया गांव केरा गांव के नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण साढ़े आठ बजे किया तो वह बंद था। जबकि खुलने का समय सुबह आठ बजे से निर्धारित है। लोगों ने बताया कि यह केंद्र खुलता ही नहीं है। अगरास के उप स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर को निरीक्षण में सीडीओ को तीन कर्मचारी तो मिले लेकिन डाक्टर एक भी नहीं था। बताया गया वह तीन दिन से यहां नहीं आए हैं। पीएचसी के गेट पर कब्जा पाया। कोई दुकान चला रहा था। इसे हटवाने के निर्देश एसडीएम को दिए गए।
विज्ञापन

केरा गांव में सीडीओ को 38 शौचालय आधे-अधूरे बने मिले। इसकी जांच करने के आदेश एडीओ पंचायत को दिए गए। सीसी रोड पर बनाई गई नाली में जाली नहीं डाली गई है। सात सीसी रोड भी अधूरे पाए गए। गांव का संपर्क मार्ग भी अधूरा मिला। बिथरी चैनपुर ब्लाक के अहलादपुर गांव में वृद्धावस्था पेंशन के चार लाभार्थी मृत पाए गए, जिन्हें पेंशन दी जा रही थी। विधवा पेंशन के चार और विकलांग पेंशन के दो लाभार्थियों ने पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। ग्राम सभा की भूमि पर भी कब्जा पाया गया। इसे हटाने के निर्देश एसडीएम को दिए गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें