बरेली। भंग होने से पहले कैंट बोर्ड ने बृहस्पतिवार को विकास के कई महत्वपूर्ण फैसलों पर अपनी मुहर लगा दी। सेना क्षेत्र से बाहर भी अब भवन निर्माण हो सकेगा। आरए बाजार, सदर बाजार और बीआई बाजार में अब सीवर लाइन डाली जाएगी। सदस्यों ने 2013-14 और 2014-15 तक का बजट पास भी किया।
रक्षा मंत्रालय ने पांच जून से बोर्ड का कार्यकाल समाप्त कर दिया है इसलिए कैंट बोर्ड की बृस्पतिवार को अंतिम बैठक थी। बैठक में कुल 12 प्रस्ताव रखे गए थे। सीएफ प्रापर्टी की दुकानों के नवीनीकरण के संबंध के प्रस्ताव को सभासदों ने दुकानदारों का हित देखते हुए गिरा दिया। हालांकि एक सभासद वीरवती यादव ने इस प्रस्ताव पर असहमति जताई थी। सेंट मारिया कालेज को तीन मंजिला इमारत बनाने के लिए अनुमति, बंगला नम्बर 58 का निर्माण कराने, आरए बाजार प्राइमरी स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुमन लता की पदोन्नति का प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि कांत जयसवाल ने की। अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनिल शर्मा मौजूद नहीं थे। बैठक की कार्रवाई सीईओ आरएच अवस्थी ने पूरी कराई। इस दौरान अभियंता आरके अवस्थी सहित कैंट के सातो सभासद मौजूद रहे।
सभासदों को भावपूर्ण विदाई
बरेली। कैंट सभासदों के कार्यकाल का बृहस्पतिवार को अंतिम दिन था। बोर्ड की बैठक के बाद कैंनटोनमेंट की ओर से उन्हें टी-पार्टी के साथ भावपूर्ण विदाई दी गई। सीईओ आरएच अवस्थी ने सभी सभासदों की प्रशंसा करते हुए फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसमेें उपाध्यक्ष शशिकांत जयसवाल, अभियंता आरके महेश्वरी, अवर अभियंता एके सिंह, सभासद भरत सिंह सोलंकी, मदन मोहन सिंह बिष्ट, ओम प्रकाश जेपी, वीरवती, एडविन हरमन, साधना जोशी सहित कैंट बोर्ड कार्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद था।