फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अरे जागो रे जागो देश के मतदाता

Tue, 15 Apr 2014 05:32 AM IST
Bareilly
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। भारत निर्वाचन आयोग की ब्रांड एंबेसडर और प्रसिद्ध लोकगीत गायिका मालिनी अवस्थी ने बरेली के मतदाताओं से हर हाल में मतदान की पुरजोर अपील करते हुए कहा कि वोट अधिकार ही नहीं कर्तव्य भी है इसलिए सभी लोग वोट जरूर डालना। अधिक से अधिक मतदान से लोकतंत्र मजबूत होगा। सोमवार को सुबह बरेली कॉलेज में मतदाता जागरूकता रैली रवाना करने से पहले आयोजित भव्य समारोह की खास मेहमान मालिनी ने लोकगीतों के साथ जिस उमंग से लोगों को हर हाल में वोट डालने के लिए प्रेरित किया, वह यादगार बन गया। उन्होंने बरेली में कम से कम 75 प्रतिशत मतदान की उम्मीद जताई। लोगों से कहा कि वोट किसे देना है यह तय करना आपका अधिकार है लेकिन अपना कीमती वोट जाया मत होने देना, मतदान जरूर करना।
विज्ञापन

मालिनी ने अरे जागो रे जागो देश के मतदाता... लोकगीत की प्रस्तुति के बीच लोगों को समझाया कि ज्यादा से ज्यादा मतदान देश हित में इसलिए जरूरी है ताकि अच्छे लोग चुनकर संसद में जा सकें। उन्होंने कहा कि कम वोट प्रतिशत का लाभ गलत लोगों को मिलता है इसलिए देश और समाज के हित में हर मतदाता मतदान करे यह जरूरी है। उन्होंने महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और शिक्षकों को भी वोट डालने से परहेज न करने को अलग से प्रेरित किया। कहा कि लोकतंत्र इस देश की शान है और इसकी ताकत है- हम सबका वोट। इसलिए लाइन में लगने से परहेज न करते हुए वोट जरूर डालना चाहिए। महिला मतदाताओं को अपनी मर्जी से वोट डालने का संदेश भी दिया। करीब 50 मिनट की अपनी प्रस्तुति के बीच वह दर्शक दीर्घा में भी कई बार गईं और वहां बैठे युवाओं तथा छात्र-छात्राओं से मतदान से जुड़े सवाल किए। सबसे कहा कि खुद भी वोट डालना और सबसे वोट भी डलवाना। उन्होंने सबको हर हाल में मतदान करने और जाति-संप्रदाय तथा किसी लोभ-लालच से परे वोट देने की शपथ भी दिलाई। मतदान के लिए सिग्नेचर कैंपेन का उद्घाटन करने के बाद तिरंगे गुुब्बारे उड़ाकर मतदाता जागरूकता अभियान रैली को रवाना किया।
इस मौके पर ख्याति प्राप्त शायर प्रो. वसीम बरेलवी ने भी अधिक से अधिक मतदान की अपील की। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने आभार जताया। एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एडीएम सिटी आरपी सिंह, एसडीएम सदर रजनीश राय, सीएमओ डॉ. विजय यादव और बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन दीदार सिंह ने किया। एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति, रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के डॉ. केशव अग्रवाल, शकील कुरैशी, आरबीएमआई की बीना माथुर, महंत कमल नयन दास और मौलाना शहाबुद्दीन समेत शहर के तमाम प्रमुख लोग, पुलिस-प्रशासनिक अफसर और शिक्षक आदि शामिल हुए।
विज्ञापन


वोट डारी काहे नाही जात हो...
सबका दिल जीत लिया लोक गायिका ने
मालिनी अवस्थी ने अपने खास अंदाज से कार्यक्रम में जुटे लोगों का दिल जीत लिया। इससे लगा कि इस प्रसिद्ध लोक गायिका की प्रभावी अपील 17 अप्रैल को 16 वीं लोकसभा के लिए होने वाले मतदान में वृद्धि के लिए मील का पत्थर साबित होगी। अपनी बात उन्होंने बरेली प्रणाम कहकर शुरू की। बोलीं- नाथ नगरी और आला हजरत की धरती पर आकर बहुत खुश हूं। वह 2012 में विधानसभा चुनाव से पहले यहां रुहेलखंड विश्वविद्यालय में हुए अपने कार्यक्रम का जिक्र करना नहीं भूलीं। कहा कि उसके बाद बरेली ने 63 प्रतिशत मतदान किया था और इस बार यह रिकॉर्ड 75 प्रतिशत से अधिक मतदान करके बनाना है। भोजपुरी लोकगीत के जरिए उन्होंने लोगों को मतदान का महत्व बताया। कहा कि कई लोग कहते हैं- का होई हम वोट न डाले तो कोई इनाम मिल जाए का? फिर जवाब भी खुद ही दिया- आपके वोट न डालने से शायद कोई सही आदमी चुनने से रह जाए। उन्होंने अपने खास अंदाज में लोगों से कहा- अरे भई वायदा करो- सब लोग वोट डालेंगे जरूर। भोजपुरी पंक्ति सुनाई- न जई बाता फिर पछतावा। मतदान वाले दिन वोट डालने के लिए घर से निकलने की अपील यूं की- घर में बैठे तू काहे अलसात हो। लाइन में लगने में काहे लजात हो। वोट डारी काहे नाही जात हो। थोड़ी मेहनत से काहे घबरात हो। सबसे कहा- जो वोट नहीं डाल रहे हैं उन्हें शर्मिंदगी का अहसास कराएं। बरेली वालों का दिल छूने में मालिनी ने कोई कसर न छोड़ी। अपनी प्रस्तुति के अंत में जय-जय-जय रुहेलखंड की धरती की जय हो। आगे कहा- जनतंत्र विजयी हो, लोकतंत्र की जय-जयकार हो। प्रसिद्ध लोकगीत गायिका ने तेरी सरकार है आली... शास्त्रीय गीत भी प्रस्तुत किया और बरेली को भोले नाथ की नगरी बताते हुए डम-डम-डमरू बजावे हमार जोगिया... गीत भी पेश कर सबको भाव-विभोर कर दिया।
--------
मंच पर मनमोहक प्रस्तुति ने समां बांधा
मालिनी अवस्थी की प्रस्तुति से पहले मंच पर जहीर एंड पार्टी की ओर से प्रस्तुत कई कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। गायक राजीव बेताब ने डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती हैं बसेरा... और चलो अपना फर्ज निभाएं- चलो मतदान करें... गीत से भाव-विभोर कर दिया। ललित बिंदास डांस ग्रुप के कलाकारों ने मेरा मुल्क मेरा देश मेरा ये वतन... गीत पर तिरंगे की वेशभूषा में गजब की प्रस्तुति दी। जहीर अहमद की एंकरिंग भी सराही गई।
-------------
रैली ने किया शहर को जागरूक
बरेली कॉलेज से निकली विशाल मतदाता जागरूकता रैली ने शहरवासियों को मतदान के लिए प्रेरित किया। हाथों में बैनर-पोस्टर थामे हजारों स्कूली बच्चे, एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स, टीचर्स और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ ही सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं ने भी रैली में उत्साह के साथ भागीदारी की। रैली शहर में जगह-जगह होती हुई कोहाड़ापीर स्थित केडीईएम इंटर कॉलेज पहुंचकर समाप्त हुई। यहां भी मतदान को प्रेरित करते सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसमें तमाम सामाजिक संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी थी। श्री खंडेलवाल वैश्य सभा, मारवाड़ी युवा मंच, डिस्ट्रिक्ट बरेली केमिस्ट एसोसिएशन, आईआईए, रोटरी क्लब, बीएल एग्रो, कांप्टीटेंट, बड़ौदा बैंक, एनपी एग्रो, यूथ डेवलपमेंट वेलफेयर पीस सोसायटी, युवा बरेली सेवा क्लब आदि संस्थाओं का रैली में सहयोग रहा।
------------------
अमर उजाला का भी रहा सहयोग
मतदाता जागरूकता रैली में अमर उजाला फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा। मतदाताओं को जागरूक करने के बैनरों के साथ अमर उजाला की टीम बरेली कॉलेज से रैली में शामिल हुई और केडीईएम कॉलेज में समापन होने तक रैली में भागीदारी की। बता दें कि अमर उजाला ने पिछले दिनों मतदाता जागरूकता अभियान की कड़ी में कई आयोजन किए। कई रैलियों के अलावा विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में मतदाता पंजीकरण कैंप लगवाए गए। इसमें हजारों युवाओं ने वोटर बनने को आवेदन किया। तमाम आयोजनों में लोगों को मतदान का संकल्प भी दिलाया गया।
----------------------
:::::इन्होंने कहा...
जैसे ईद मनाते हो, दीवाली मनाते हो, वैसे ही 17 अप्रैल को लोकतंत्र का पर्व मतदान दिवस के रूप में मनाना। पहले मतदान, उसके बाद जलपान करना। वोट सोच-समझकर डालना। जाति-धर्म संप्रदाय या लोभ-लालच में पड़कर मतदान मत करना। जो वोट न डाले उसे शर्मिंदगी का अहसास कराना।
-मालिनी अवस्थी, ब्रांड एंबेसडर निर्वाचन आयोग
---------
वोट एक-एक आदमी की पहचान है। अगर आपनेे अपनी इस ताकत को नहीं पहचाना तो आपको कोई पहचान नहीं पाएगा। अपनी जिम्मेदारी को समझें। बरेली में जो माहौल देखने को मिल रहा है, उससे लगता है कि कोशिश जरूर कामयाब होगी और 90 से 95 प्रतिशत तक मतदान मुश्किल नजर नहीं आ रहा है।
-प्रो. वसीम बरेलवी, अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शायर
---------
बरेली के सभी 29 लाख 22 हजार मतदाताओं से मतदान कराना चुनौती जरूर है और यह किसी छोटी क्रांति से कम नहीं है लेकिन विश्वास है कि यह अवश्य कामयाब होगी और इस बार भी बरेली मतदान का रिकॉर्ड बनाएगी। खुशी इस बात की है कि 20 लाख मतदाताओं ने हर हाल में मतदान करने की हामी भर दी है।
विज्ञापन

-अभिषेक प्रकाश, डीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें