बरेली। इस बार भी हज यात्रा के लिए यूपी का कोटा 26472 है, जब कि 32173 लोगों ने आवेदन किया है। इस तरह से 11714 आवेदन अधिक आए हैं। पिछले साल 2013 में यूपी से हज यात्रियों की तादाद 32173 थी और आवेदन करने वालों की संख्या 34896।
यदि बरेली मंडल की बात करें तो यहां से 2150 लोगों ने हज यात्रा के लिए आवेदन किया है। इसमें सिर्फ बरेली के 1350 आवेदक हैं। बदायूं से 340, पीलीभीत से 250 और शाहजहांपुर से 210 लोगों ने आवेदन किया है जो कोटे से काफी ज्यादा है। इस साल आवेदन करने वालों के फार्म की फीडिंग और वेरीफिकेशन पूरा होने के बाद 24 अप्रैल को कुरंदाजी (लाट्री) से हज यात्रियों का चयन किया जाएगा। इसकी सूचना आवेदकों को एसएमएस से दी जाएगी। चयन के बाद आवेदकों की दूसरी किश्त भी जमा करना होगा।
इधर बरेली हज कमेटी के प्रवक्ता पम्मी खां वारसी ने बताया कि इसमें जो लोग रह जाएंगे उम्मीद है पिछली बार की तरह सरप्लस की सीटों में उनका समायोजन हो जाए। कमेटी के वरिष्ट उपाध्यक्ष हाजी मो. यासीन कुरैशी ने बताया कि कुरंदाजी की प्रक्रिया पूरी होने बाद बरेली हज कमेटी ट्रेनिंग कैंप लगाएगी।
एसएमएस से दी जाएगी सूचना
बरेली। हज यात्रियों को जानकारी के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। यूपी हज कमेटी यात्रियों को एसएमएस के जरिये चयन और किस्त जमा करने की जानकारी भेजेगी। पहली बार शुरू हुई इस व्यवस्था को बरेली सहित सभी जिलों में लागू किया जाएगा।