बरेली। रविवार को जिले के 154 केंद्रों पर होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ को संभालने में पुलिस-प्रशासन के लिए असल चुनौती होगी। अफसरों का इसके लिए सारा जोर जंक्शन और सिटी स्टेशन पर है। वहां भीड़ को संभालने और ट्रेनों से रवाना कराने की तैयारी को शनिवार रात अंतिम रूप दिया गया। इससे पहले शनिवार को पहुंचे अभ्यर्थियों को जरूरी जानकारी, मोबाइल नंबर आदि के हैंडबिल बांटे गए। रात को विभिन्न स्थानों पर ठहरे परीक्षार्थियों का हालचाल जानने डीएम और एसएसपी टीम के साथ निकले।
रविवार सुबह पांच बजे से शहर से विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए बसों की सेवा शुरू कर दी जाएगी। शहरी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 38222 अभ्यर्थी पेपर देंगे। नकलविहीन परीक्षा कराने को सात उड़न दस्ते बनाए गए हैं। इनके साथ पुलिस टीम भी होगी। दो दस्ते शहरी क्षेत्र और शेष तहसीलों के लिए हैं। कुल 154 परीक्षा केंद्रों पर 308 व्यवस्थापक और पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। सुबह जिला मुख्यालय से हर केंद्र पर कड़ी सुरक्षा में प्रश्नपत्र पहुंचेंगे और परीक्षा खत्म होने पर सीलबंद लिफाफे में मुख्यालय पर लाकर जमा किए जाएंगे। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम अरुण कुमार ने बताया कि असली चिंता परीक्षा खत्म होने के बाद वापस लौटने वाले अभ्यर्थियों के हुजूम को लेकर है। पहले शहरी क्षेत्र के केंद्रों के अभ्यर्थियों के स्टेशन पर जुटने की संभावना है। ट्रेनों के सही संचालन पर पूरा जोर रहेगा ताकि देहात के केंद्रों से यहां पहुंचने वाली भीड़ से पहले शहर वाले रवाना हो जाएं।