बरेली/पीलीभीत। शहर से लूटी गई रोटेरियन की सफारी कार पीलीभीत के कटना नदी पुल पर मुठभेड़ के बाद बरामद कर ली गई। इस दौरान पुलिस और बदमाशों में जमकर फायरिंग हुई। जंगली रास्ते का फायदा उठाकर बदमाश भाग गए।
शनिवार देरशाम पंचम होटल से बदमाश राजेंद्र नगर निवासी पूर्व रोटरी गवर्नर पीपी सिंह की सफारी कार लूट ले गए थे। वे चालक हरपाल सिंह को नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक पेड़ से बांध गए थे। पीपी सिंह शाहजहांपुर के सांसद मिथलेश कुमार से पंचम होटल में मिलने होटल पहुंचे थे। रविवार को बदमाश पीलीभीत शहर के गौहनियां चौराहे पर डीजल डलवाने के लिए रुके थे। इस दौरान थाना सुनगढ़ी के दरोगा अवधेश पाल भी जीप में तेल डलवाने वहां पहुंच गए। वायरलेस पर लगातार प्रसारित हो रहे मैसेज से उन्हें सफारी पर शक हुआ। पुलिस को देखते ही बदमाश सफारी लेकर भागने लगे। दरोगा ने सीओ सिटी को सूचना देकर सफारी का पीछा शुरू कर दिया। असम हाइवे से पूरनपुर की ओर मुड़ने पर पुलिस ने नाकेबंदी कर दी। गजरौला थाने के सामने बैरियर बंद देख बदमाशों ने गाड़ी पीलीभीत की ओर मोड़ दी। लेकिन पुलिस ने बदमाशों का पीछा जारी रखा। चार किलोमीटर दूरी पर माला जंगल के निकट कटना नदी पुल पर पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। चारों ओर से घिरे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो एक गोली सफारी में भी लग गई। इस बीच कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पीलीभीत के सीओ सिटी दिनेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में फोर्स ने जंगल में कांबिंग की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में ले ली है। घटना की सूचना देर रात बरेली पुलिस को दे दी गई।
चालक को छोड़ा
बरेली। सफारी लूट की घटना को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने चालक हरपाल सिंह को हिरासत में ले लिया था। लेकिन पूर्व रोटरी गर्वनर पीपी सिंह ने इसका विरोध करते हुए रविवार को कोतवाली प्रभारी शक्ति सिंह से कहा कि हरपाल सिंह पर उन्हें पूरा भरोसा है। उधर, मेयर डॉ. आईएस तोमर भी सफारी चालक के बेगुनाह होने की बात कहक र उसे छोड़ने के लिए पैरवी कर रहे थे। इस पर पुलिस ने दोपहर करीब दो बजे चालक को छोड़ दिया।