बरेली। बड़ी बमनपुरी में फागुनी रामलीला 21 मार्च से शुरू होगी। रंग भरी श्रीराम बारात 26 मार्च और राजगद्दी पांच अप्रैल को निकलेगी। जुलूस में लाठी, डंडे और शस्त्रों के प्रदर्शन पर पाबंदी रहेगी। श्रीराम बारात में टेसू के रंग की बौछार की जाएगी। यह जानकारी श्री रामलीला सभा के पदाधिकारियों ने दी।
बड़ी बमनपुरी में रामलीला फाल्गुन (होली के मौके पर) में होती है। रविवार को हुई प्रेस कांफ्रेंस में सभा के अध्यक्ष मुनीश शर्मा ने बताया कि इस रामलीला की शुरुआत 153 साल पहले हुई थी। समय के साथ इसमें बदलाव भी होता रहा है। पहले स्थानीय कलाकार ही इसमें काम करते थे अब बाहर के कलाकारों को भी बुलाया जाता है। सोलह दिन तक होने वाले इस आयोजन में कई शोभायात्राएं भी निकलेंगी। कमेटी के महामंत्री राधा कृष्ण शर्मा ने बताया कि झांकी के अलावा चार ठेले भी होंगे जिस पर सवार लोग टेसू के रंगों की बौझार करेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में अविनाश शंखधार, पूर्व पार्षद महेश पंडित, अमित अरोड़ा, सचिन मेहरा, इंद्रदेव त्रिवेदी, विनोद कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।