फरीदपुर। हाईवे पर रविवार को बेकाबू टेंपो पलटने से महिला समेत दो की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फरीदपुर से बरेली जा रहा टेंपो असंतुलित होकर दून ढाबे और रजऊ केे बीच शाम करीब चार बजे पलट गया। इसके पीछे आ रही कार और पिकअप भी पटल गई। हादसे में टेंपो के नीचे दबने से गांव गोपालपुर नगरिया थाना बिथरी चैनपुर निवासी रघुवीर की पत्नी सुनीता और नाद अलगबनी गांव के मोहम्मद अली की मौके पर ही मौत हो गई। बताते हैं कि सुनीता के साथ उसकी बेटी नीटू, पिकअप में सवार ड्राइवर लाल इमली चौराहा शाहजहांपुर निवासी वीरू एवं दीपक और वहीं के स्टेशन रोड निवासी जीशान घायल हो गए। कार में सवार एक बच्चे को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाही में बाइक पेड़ से टकराई, बच्चे की मौत
माता-पिता और बहन भी गंभीर रूप से घायल
मीरगंज/शाही। शीशगढ़ रोड पर तेज रफ्तार बाइक के पेड़ से टकराने पर तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे में उसके माता-पिता और बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ठिरिया गांव निवासी सुनील कुमार पत्नी कल्पना, पांच साल की बेटी सोनालिका और तीन साल के बेटे भोला संग मोटरसाइकिल से ससुराल शेरगढ़ जा रहे थे। धनेटा-शीशगढ़ रोड पर जुन्हाई के पास सरकारी ट्यूबवेल के सामने किसी वाहन को बचाने के चक्कर में उनकी तेज रफ्तार बाइक असंतुलित होकर पेेड़ से जा टकराई। झटका लगने से मां की गोदी से उछलकर तीन वर्षीय भोलू सड़क पर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुनील, कल्पना और सोनालिका भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच सीओ अखंड प्रताप सिंह बारावफात के सिलसिले में पीस कमेटी की मीटिंग अटेंड करने मीरगंज से शाही जा रहे थे। उन्होंने प्राइवेट वाहन रुकवाकर तीनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए भिजवा दिया है।