बरेली। शहर में एक और सीएनजी पंप खोले जाने के लिए डीएम ने एनओसी दे दी है। वन विभाग की एनओसी मिलते ही दिसंबर तक पंप चालू हो जाएगा। शहर में एक और सीएनजी पंप खोले जाने की ऑटो वाले काफी समय से मांग कर रहे थे।
शहर में करीब साढ़े चार हजार ऑटो और दो हजार टेपों हैं। इनमें से ज्यादातर सीएनजी से चलते हैं। शहर में सिर्फ एक सीएनजी पंप सेटेलाइट बस अड्डे के पास होने से ऑटो चालकों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें गैस के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता है। ऑटो रिक्शा ऑनर्स संगठन के अध्यक्ष जयराम गुप्ता शहर में एक और सीएनजी पंप खोले जाने की मांग सालों से कर रहे हैं। डीएम, कमिश्नर के सामने भी यह मांग कई बार उठाई जा चुकी है। रामपुर रोड पर किला के पास हरचंद लाल एंड संस के पंप पर सीएनजी यूनिट लगनी है। इसके लिए बीपीसीएल ने डीएम के यहां एनओसी को आवेदन किया था। सीयूजीएल के प्रबंधक मंसूर अली ने बताया कि डीएम ने सीएनजी पंप खोले जाने के लिए एनओसी दे दी है। वन विभाग से एनओसी के लिए आवेदन कर दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही वन विभाग से भी एनओसी मिल जाएगी। 15 दिसंबर तक पंप चालू हो जाएगा।