बरेली। रूहेलखंड विश्वविद्यालय में 20 दिसंबर से नार्थ जोन गर्ल्स हॉकी चैंपियनशिप शुरू हो रही है। उत्तर भारत की 18 यूनिवर्सिटी की टीमों ने अब इस चैंपियनशिप में शामिल होने के लिए प्रविष्टि भेजी है। टूर्नामेंट के सफल आयोजन और मैच खिलाने के लिए विश्वविद्यालय के स्टेडियम समेत साई सेंटर के एस्ट्रो टर्फ, स्पोर्ट्स स्टेडियम और बरेली कॉलेज के स्टेडियम लिए जाएंगे। प्रतियोगिता 24 दिसंबर तक चलेगी। प्रविष्टि भेजने की आखिरी तारीख 20 नवंबर रखी गई है।
विश्वविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. हेम गौतम ने बताया कि अब तक 18 विश्वविद्यालयों की टीमों ने अपनी प्रविष्टि जमा कराई है। इसमें 25 विश्वविद्यालयों के भाग लेने की संभावना है। रूहेलखंड विश्वविद्यालय नार्थ जोन गर्ल्स हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन पहली बार कर रहा है।
-----------
एथलेटिक्स मीट की तारीख फिर बढ़ी
रूहेलखंड विश्वविद्यालय में 26 नवंबर से होने वाली अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स मीट गंगा दशहरा की वजह से स्थगित कर दी गई है। अब यह 29 नवंबर से एक दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। पहले मीट 19 नवंबर से होने थी, मगर दीक्षांत समारोह की वजह से इसे आगे बढ़ा दिया गया। अब गंगा दशहरा में टीमों के न आने के प्रत्यावेदन पर तारीखें बढ़ा दी गई हैं।