आंखों में मिर्च झोंककर लूटने का प्रयास, भर्ती
सिटी रिपोर्टर
बरेली। खरीदारी के बहाने पहुंचे बदमाशों ने दुकानदार की आखों में पिसी मिर्च झोंककर लैपटॉप और मोबाइल लूट लिए। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने दो लुटेरों को पकड़ा और पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। तीसरा लुटेरा बाइक पर भागने में सफल हो गया।
इज्जतनगर के मठ लक्ष्मीपुर निवासी अरुण कुमार की मिनी बाईपास रोड पर राठौर मोबाइल शॉप है। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे उनकी दुकान पर तीन युवक मोबाइल खरीदने के बहाने पहुंचे। उनके कहने पर अरुण मोबाइल दिखाने लगे। उसी दौरान मौका पाकर एक युवक ने अरुण की आंखों में पिसी मिर्च झोंक दी और लैपटॉप व दो मोबाइल लेकर भागने लगे। आंखों में मिर्च पड़ने के बावजूद अरुण ने एक लुटेरे को दबोच लिया और शोर मचाने लगे। साथी को छुड़ाने के लिए दूसरे लुटेरों ने अरुण के सिर में ईंट मार दी। मगर उन्होंने घायल होने के बावजूद लुटेरे को नहीं छोड़ा। इस बीच आसपास वाले जमा हो गए और दोनों लुटेरों को घेर लिया। इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई की। पता लगने पर पहुंची रक्षक दो मोबाइल के सिपाहियों ने भीड़ से लुटेरों को छुड़ाया। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया गया। इनमें लक्ष्मीपुर गौंटिया का कमल कांत और सैदपुर बीडीए कॉलोनी का शक्ति सिंह है। एसएसपी डा. संजीव गुप्ता ने तुरंत मौके पर पहुंचने के लिए रक्षक मोबाइल को इनाम देने का ऐलान किया है।