गांव के लोगों ने बाहर निकाला शव
सिटी रिपोर्टर
बरेली। शुक्रवार को दोपहर के वक्त खजुरिया घाट पर नकटिया नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। वह कुछ साथियों के साथ यहां नहाने आया था। पास ही के गांव के लोगों ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जोगी नवादा में रहने वाले गुड्डू रिक्शा चलाते थे। शुक्रवार दोपहर वह अपने साथी चांद और मोहम्मद मियां के साथ रिक्शे से खजुरिया घाट गए। घाट पर रिक्शा खड़ा करके गुड्डू कपड़े उतारकर नदी में उतर गया, जबकि चांद और मोहम्मद मियां किनारे ही खड़े रहे। दोनों के मुताबिक गुड्डू एक बार नहाने के बाद घाट पर पड़े पत्थर पर आकर बैठ गया। लेकिन कुछ ही देर पैर का मैला साफ करने की बात कहकर उसने दोबारा नदी में छलांग लगा दी। इस बार वह काफी देर पानी के ऊपर नहीं आया। घबराकर दोनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। खजुरिया में रहने वाले बेचेलाल ने नदी में घुसकर गुड्डू को बाहर निकाला मगर तब तक वह दम तोड़ चुका था। सूचना पर बैरियर टू चौकी से पुलिस भी पहुंच गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। गुड्डू के चार और भाई हैं, जो दूसरे शहरों में मजदूरी करते हैं।