शासन ने वन विभाग से पूरा ब्योरा मांगा
सिटी रिपोर्टर
बरेली। शासन ने वन विभाग से शहरी और देहात के इलाकों में ग्रीन बेल्ट के लिए चिन्हित स्थानों और उन पर अब तक कराए गए कामों का ब्योरा मांगा है। इसके अलावा मुख्य वन संरक्षक को ग्रीन बेल्ट के विकास के लिए कार्य योजना बनाने का निर्देश भी दिया गया है। मुख्य वन संरक्षक ने इस बाबत प्रभागीय वन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
पर्यावरण संरक्षण की मुहिम के तहत सभी जिलों में ग्रीन बेल्ट विकसित की जानी हैं। प्रावधानों के मुताबिक देहात के इलाकों में ग्रीन बेल्ट का दायरा दो से पांच हेक्टेयर और शहरी इलाकों में पांच हेक्टेयर का होगा। ग्रीन बेल्ट पटरी और रोड के किनारे दो किलोमीटर लंबी और दस मीटर चौड़ी होगी। ग्रीन बेल्ट में जिन पौधों को लगाया जाएगा उनकी ऊंचाई आठ फीट की होगी और उन्हें चार मीटर के अंतर पर लगाया जाएगा। ग्रीन बेल्ट के विकास की योजना पर काफी समय से काम ठप पड़ा था। अब शासन ने इस पर फिर गंभीर रुख दिखाया है। मुख्य वन संरक्षक विकास वर्मा ने बताया कि सभी जिलों में ग्रीन बेल्ट के विकास के लिए विस्तृत कार्य योजना बनायी जा रही है। जोन के सभी 14 जिलों के प्रभागीय वनाधिकारियों से इस संबंध में ब्योरा मांगा गया है। बारिश शुरू होने के साथ इस योजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा।