वृक्षारोपण अभियानों की जानकारियां जुटायी
सिटी रिपोर्टर
बरेली। शासन के निर्देश पर मनरेगा योजना की जांच पड़ताल को बरेली पहुंची कैग की छह सदस्यीय टीम ने विकास भवन में मनरेगा योजनाआें से जुडे़ दस्तावेजों की जांच पड़ताल करने के बाद बुधवार को वन विभाग के दस्तावेजों को खंगाला। टीम ने विभागीय अधिकारियों से क्या जानकारियां जुटायी इसकी जानकारी नहीं मिल पाईं। दूसरी ओर इस बात की गोपनीय जानकारियां मिली है कि कैग टीम विकास भवन व वन विभाग में विभिन्न योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों की जांच पड़ताल करने के साथ ही लोनिवि, सिंचाई समेत कई अन्य विभागों की जांच पड़ताल कर सकती है।
सूत्राें का यह भी कहना है कि कैग टीम जिले के तीन विकास खंडों भदपुरा, आलमपुरा जाफराबाद व मीरगंज में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेने के साथ ही तीनों ब्लाकों के दस दस गांवों में मनरेगा योजनाआें के तहत कराए गए विकास कार्यों की जानकारी ले सकती है। बहरहाल टीम ने अभी तक क्या खामियां पकड़ी हैं? इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। अलबत्ता जिस तरीके से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितता बरती जा रही है उससे तो यही लगता है कि यदि कैग टीम ने विधिवत जांच पड़ताल की तो कहीं न कहीं जरूर बडृी अनियमितता उजागर हो सकती है। बहरहाल कैग टीम की जांच को लेकर तमाम विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को पसीने छूट ही रहे हैं।