बरेली। गुलाबराय इंटर कॉलेज में छठी और सातवीं कक्षा के दो छात्रों के झगड़े के बाद शिक्षक से एक को पीट दिया तो उसके पक्ष के लोगों ने कालेज में पहुंच कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। मामला थाने पहुंचा तो तो ने उनमें के बीच हुए विवाद को निपटाने के चक्कर में थाना प्रेमनगर की पुलिस खुद विवाद में फंस गई। इस मामले में हिरासत में लिए छात्र के भाई और उसके दोस्त की सिफारिश में पहुंचे रजा एक्शन कमेटी के प्रवक्ता के साथ गर्मागर्मी हुई तो इंस्पेक्टर ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद रजा एक्शन कमेटी के अध्यक्ष अदनान मियां तमाम समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। थाने पर चार घंटे तक हंगामा चला। अफसरों से इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिला तब भीड़ थाने से लौटी।
गुलाब राय कॉलेज में सातवीं में पढ़ने वाले सुर्खा बानखाना के फुरकान का बृहस्पतिवार दोपहर छठवीं में पढ़ने वाले एक छात्र से झगड़ा हो गया। कॉलेज के शिक्षक ज्ञान सिंह यादव ने इस पर फुरकान की पिटाई कर दी। फुरकान ने घर पहुंचकर वाकया बताया तो उसका भाई रिजवान और दोस्त आमिर कॉलेज पहुंच गए। शिक्षक से उनकी कहासुनी हुई तो कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस बुला ली। कॉलेज प्रबंधन ने आरोप लगाया कि दोनों ने ज्ञान सिंह यादव से न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि कॉलेज में तोड़फोड़ और लूटपाट करने लगे। पुलिस रिजवान और आमिर को पकड़कर थाने ले आई।
कुछ ही देर बाद आरएसी के प्रवक्ता अब्दुल हलीम खां उनकी पैरवी में थाने पहुंच गए। आरोप है कि हलीम खां से बातचीत के दौरान गर्मागर्मी हुई तो इंस्पेक्टर विद्याराम दिवाकर ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना की जानकारी पर आरएसी के अध्यक्ष मौलाना अदनान मियां तमाम समर्थकों के साथ प्रेमनगर थाने पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। उधर, गुलाबराय कॉलेज के शिक्षक भी इकट्ठे होकर थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। अदनान मियां ने इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई न होने पर धरना देने का ऐलान कर दिया। इस पर एसपी सिटी, सीओ सिटी, सीओ एलआईयू थाना प्रेमनगर पहुंच गए। अफसरों ने समझाने की कोशिश की लेकिन भीड़ नहीं मानी। मामला एसएसपी की जानकारी में पहुंचा तो उन्होंने हलीम का मेडिकल परीक्षण कराने और उसकी तहरीर पर इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद भीड़ थाने से हटी। इसके बाद रिजवान ने भाई की पिटाई करने वाले शिक्षक ज्ञान यादव के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने को भी तहरीर दे दी। शिक्षक ज्ञान सिंह ने भी रिजवान और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। तीनों तहरीरों पर सीओ सिटी ने जांच शुरू कर दी है।
000
तीनों तहरीरों की जांच सीओ सिटी कर रहे हैं। जो भी तथ्य मिलेंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हलीम का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई होगी। - राजीव मल्होत्रा, एसपी सिटी
0
कॉलेज में परीक्षा समाप्त होते ही दो छात्र झगड़ा करने लगे जिन्हें शिक्षक ज्ञान यादव ने डांटकर भगा दिया। पिटाई का आरोप गलत है। छात्र के अभिभावकों ने मुझसे और दूसरे शिक्षकों से भी अभद्रता की। स्कूल में तोड़फोड़ और मारपीट की गई। - गिरीश गर्ग, प्रधानाचार्य गुलाब राय इंटर कॉलेज
दो बच्चों के झगड़े के बाद टीचर ने एक की पिटाई की। ऊपर से छात्र के भाई को थाने ले जाया गया। एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ बोलने पर इंस्पेक्टर ने संगठन के प्रवक्ता को पीटा। डीआईजी, एसएसपी ने इंस्पेक्टर पर कार्रवाई के लिए तीन दिन का वक्त दिया है। - मौलाना अदनान मियां, अध्यक्ष रजा एक्शन कमेटी
स्कूल में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस दो युवकों को पकड़कर लाई। उनकी सिफारिश में आया व्यक्ति झगड़े पर आमादा हो गया। इस पर उसे थाने में बैठाया गया था। थप्पड़ मारने का आरोप गलत है। - विद्याराम दिवाकर, इंस्पेक्टर, प्रेमनगर
-------
शिक्षकों की एसपी सिटी से नोकझोंक
थाने में शिक्षकों से एसपी सिटी की काफी नोकझोंक हुई। शिक्षकों का कहना था कि उनकी बात नहीं सुनीं गई। इस पर एसपी सिटी ने उनसे तहरीर मांगी और सीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। तब शिक्षक भी शांत हो गए।