बरेली। जिला अस्पताल में आयुष्मान योजना के अंतर्गत लगे कैंप में गोल्डन कार्ड बनाने के नाम पर लाभार्थियों से उगाही की जा रही थी। लाभार्थी सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल से शिकायत करने पहुंचे तो उन्होंने तत्काल कैंप हटाने के निर्देश दे दिए। सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल में आयुष्मान गोल्डन कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं। कुछ सेवा केंद्रों पर कार्ड बनवाने के लिए 30 रुपये भुगतान का प्रावधान है।
जिला अस्पताल परिसर में आयुष्मान योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने के लिए दस दिवसीय कैंप लगाया गया था। जिले में लाभार्थियों की संख्या के अनुपात में कार्ड नहीं बन पाने के कारण इस कैंप की शुरुआत की गई। कुछ लाभार्थी शुक्रवार को सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता के पास कर्मचारियों द्वारा रुपये मांगने की शिकायत लेकर पहुंचे। उन्हीं में से एक लाभार्थी ने बताया कि कार्ड बनाने के लिए कर्मचारी 50 रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल तक पहुंची तो उन्होंने तत्काल कैंप हटवाने के निर्देश दे दिए। इससे पहले भी प्रेमनगर क्षेत्र से लाभार्थी लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए दो हजार रुपये की उगाही के मामले सामने आ चुके हैं।