बरेली। जिला अस्पताल में चल रहे नवीनीकरण कार्य का मुआयना करने शुक्रवार को लखनऊ से उप्र स्वास्थ्य प्रणाली विकास योजना की टीम पहुंची। टीम के सदस्यों ने प्रणाली में सुधार के साथ-साथ अस्पताल के बाहर रास्ते पर अतिक्रमण पर भी चिंता जताई। लखनऊ से आए योजना के सहायक प्रबंधक ने प्रशासन, नगर निगम और व्यापारियों के साथ इसका हल ढूंढने के लिए बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। टीम ने अस्पताल में खामियां सुधारने के साथ नई मरीजों के लिए नई तकनीक और योजनाएं शुरू करने की बात कही। अस्पताल में एक्स रे मशीन के रिपोर्ट प्रिंटर नहीं लगे होने पर असंतोष जताया। रंगाई पुताई का काम तेज करने की बात कही। साथ ही आईसोलेशन वार्ड की तरफ बंद पड़े काम पर असंतोष जताया। सहायक प्रबंधक डॉ. धीरज तिवारी ने बताया के ठेकेदार के काम के भुगतान में विलंब होने के चलते काम में देरी हो रही है। अस्पताल तक पहुंचने के रास्ते में अतिक्रमण पर चिंता जताई। सहायक प्रबंधक ने अतिक्रमण का हल ढूंढने के लिए नगर निगम और प्रशासन के अधिकारियों समेत व्यापारियों के साथ एक बैठक बुलाने की बात की। सीएमओ कार्यालय ती तरफ वाले गेट खुलवाने की बात की।