बरेली। अब गर्मी का प्रकोप बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। आज दिन का तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ेगा। उसके बाद आगामी दो दिन तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। 31 मार्च और एक अप्रैल को बादलों की गड़गड़ाहट के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। अप्रैल का पहला सप्ताह में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।
बृहस्पतिवार को दिन का तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य था। सुबह से ही चटक धूप निकली। दोपहर में गर्मी और उमस रही। शाम को उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से कुछ हद तक राहत रही। न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस कम था। 30 मार्च से हवा का रुख बदलेगा। अब तक उत्तर-पश्चिमी चल रही हवा पूरब-उत्तर दिशा से चलेगी। इस वजह से 31 मार्च और एक अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम वैज्ञानिक डा. एचएस कुशवाहा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर न के बराबर होने से आसमान में केवल बादलों की गड़गड़ाहट ही रहेगी। स्थानीय वजहों से कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। उसके बाद आने वाले समय में गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है। अप्रैल के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहने का अनुमान है।