बरेली। कुर्मी क्षत्रिय सभा की ओर से रविवार को जिंगल बेल्स स्कूल परिसर में सामूहिक विवाह और वैवाहिक परिचय सम्मेलन हुआ, जिसमें 51 पूर्व में तय हुए रिश्तों का विधि विधान के साथ विवाह कराकर गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक सामान मुहैया कराया गया। साथ ही नए रिश्ते तय करने के लिए परिचय भी कराया गया।
कार्यक्रम का नजारा देखते ही बन रहा था। एक ओर मंच पर परिचय सम्मेलन तो दूसरी ओर, गाजे बाजे के साथ बरात का आगमन का सिलसिला मनमोह रहा था। मंत्रोच्चार से गूंजते परिसर में वर-वधू के परिजनों की चहल-पहल और खुशी का अंदाजा लगाना मुश्किल था। इस दौरान स्वजातीय वैवाहिक परिचायिका 2019 का विमोचन किया गया। सम्मेलन में संरक्षक केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कुमार कटियार, पूर्व राज्य मंत्री भगवत सरन गंगवार, विधायक छत्रपाल सिंह, पूर्व विधायक छोटे लाल गंगवार आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता श्याम लाल कनौजिया ने की। सोमपाल गंगवार ने बताया कि समारोह में कुर्मी समाज के अलावा अन्य जातियों के भी विवाह संपन्न कराए गए।