आज से खुलेगा दुधवा पार्क, वन मंत्री करेंगे उद्घाटन
पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क का नया पर्यटन सत्र 15 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। गुरुवार को वन मंत्री दारा सिंह चौहान दोपहर 12 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। नये उत्साह और तैयारी के साथ शुरू होने वाले इस पर्यटन सत्र में सैलानियों के स्वागत को जोरदार तैयारी की गई है।
दुधवा का सत्र 15 नवंबर से 15 जून तक चलता है। इसके बाद पार्क पर्यटन द्वार पर ताले लग जाते हैं। ऐसा मानसून सत्र के चलते होता है क्यों कि बारिश के मौसम में पार्क के कच्चे रास्ते खराब हो जाते हैं और वाहनों के फंसने का खतरा रहता है। वर्ष 2018 के नवीन सत्र के शुभारंभ की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं और 15 नवंबर को सुबह नवीन सत्र का शुभारंभ फीताकाट विधि विधान से पूजन अर्चन कर किया जाएगा। डिप्टी डायरेक्टर महावीर कौजलगि ने बताया कि नये सत्र में सैलानियों को अलग ही आनंद मिलेगा। पार्क की ओपनिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।