इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश से यहां की अदालतों में चल रहे जिले के चारों विधायकों और दो सांसदों के मुकदमों को इलाहाबाद में बनाई गई स्पेशल जज स्पेशल कोर्ट एमपी-एमएलए में भेज दिया गया है। पूर्व विधायकों पर विचाराधीन आपराधिक मुकदमों की फाइलें भी अब इलाहाबाद अदालत में ही चलेंगी। जिले से दो दर्जन से ज्यादा फाइलें इलाहाबाद कोर्ट में भेजी गई हैं।
बताते चलें कि सर्वोच्च न्यायालय ने बीते साल सांसद, विधायकों पर चल रहे आपराधिक मुकदमों के शीघ्र निस्तारण को कहा था। उसी क्रम में प्रदेश सरकार को एक अलग अदालत बनाकर सारे मुकदमों की सुनवाई कराने का आदेश दिया गया था। सरकार की मंशा के अनुरूप उच्च न्यायालय ने बीते महीने स्पेशल जज स्पेशल कोर्ट एमपी-एमएलए नाम से इलाहाबाद में एक अदालत बना दी। प्रदेशभर के सांसद विधायकों के मुकदमे अब उसी अदालत में चलेंगे।
पीलीभीत से पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद कलराज मिश्र, पीलीभीत के पूर्व विधायक बीके गुप्ता, भाजपा सांसद वरुण गांधी, बीसलपुर के विधायक प्रदेश के पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा, बरखेड़ा के पूर्व चेयरमैन अशोक गुप्ता पप्पन, पीलीभीत शहर से भाजपा के विधायक संजय सिंह गंगवार, पूरनपुर के विधायक बाबू राम पासवान, बरखेड़ा के भाजपा विधायक किशन लाल राजपूत, बरखेड़ा से विधायक रहे और सपा सरकार में राज्यमंत्री रहे हेमराज वर्मा, पूरनपुर से विधायक रह चुके अरशद खां, बीसलपुर से पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री अनीस अहमद खान उर्फ फूल बाबू, पीलीभीत शहर विधानसभा से तीन बार भाजपा विधायक रहे बीके गुप्ता (इनका अब देहांत हो चुका है) और पूरनपुर से विधायक रह चुके किसान मजदूर पार्टी के मुखिया बीएम सिंह की मुकदमों से संबंधित फाइलें इलाहाबाद स्पेशल कोर्ट को भेजी जा चुकी हैं।