बरेली। नारी निकेतन में आटे वाले के साथ आकर प्रेमिका से मिलकर जाने वाला युवक और उसके परिवार वाले जिला प्रवोशन अधिकारी(डीपीओ) नीरा अहिरवार का फोन ही रिसीव नहीं कर रहे हैं। आटे वाला भी उनके बुलाने पर अभी तक अपने बयान दर्ज कराने नहीं आया है। उधर, प्रभारी अधीक्षिका शारदा ने डीपीओ को गोलमोल जवाब दे दिया है। डीपीओ ने बताया कि उन्होंने पूरे घटनाक्रम से महिला कल्याण विभाग के डायरेक्टर रामकेवल को अवगत करा दिया। इस संबंध में एक पत्र भी उन्हें लिखा है। उन्होंने इसी महीने अधीक्षिका की नियुक्ति करने का आश्वासन दिया है। आटे पिसवाने वाले से मालिक भी फोन नहीं उठा रहे हैं।
बुधवार को नारी निकेतन में आटा पिसवाकर देने वाले के साथ आकर युवक अपनी प्रेमिका का हाथ पकड़कर बतिया रहा था। इसे लेकर नारी निकेतन में हंगामा खड़ा हो जाने पर उसे बाहर कर दिया था। अमर उजाला में मिलाई के इस खेल को लेकर समाचार प्रकाशित होने पर डीपीओ मामले की जांच करने पहुंच गईं। जांच के दौरान सीसीटीवी कै मरे से युवक के आने की पुष्टि हो जाने पर डीपीओ ने प्रभारी अधीक्षिका का जवाब तलब करके सभी संवासनियों के बयान लिए। प्रभारी अधीक्षिका ने शुक्रवार को अपना जवाब दे दिया है। उसमें उनका कहना है कि उनकी इस मामले में कोई भूमिका नहीं है। पता लगने पर उन्होंने युवक को बाहर करा दिया था। हालांकि आटे वाला युवक को साथ लाने से पहले नारी निकेतन से स्टाफ से बात कर गया था। पोल खुलने की वजह से वह बयान देने आने से भी बच रहा है।