बरेली। शहर के करीब 80 हजार गृहकर एवं जलकर बकायेदार 400 करोड़ रुपये दबाए बैठे हैं। इन से वसूली के लिए नगर निगम के टैक्स विभाग ने कार्य योजना तैयार कर ली है। 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक नगर निगम चारों जोन में विशेष अभियान चलाएगा।
अभियान के दौरान निगम की टीमें चारों जोन में घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर बकाया कर जमा करने के लिए प्रेरित करेगी। नोटिस के बाद भी कर जमा न करने वाले बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए चारों जोन में टीमें गठित की जा रही हैं। इन टीमों को बड़े बकायेदारों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सबसे पहले अधिक बकाया वाले मामलों का निस्तारण कराया जा सके।
ओटीएस योजना के तहत ब्याज में मिलेगी छूट
अभियान के दौरान वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना का भी लाभ दिया जाएगा। इसके तहत बकायेदारों को अधिभार और ब्याज में नियमानुसार छूट मिलेगी, जिससे वे कम राशि देकर अपना बकाया जमा कर सकेंगे।
वर्जन
15 अगस्त से शहर की सभी जोन में टैक्स वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। सभी जोन में टीमें भी गठित कर दी गई हैं। तीन माह तक अभियान चलाकर टैक्स की वसूली की जाएगी। - पीके द्विवेदी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी