बरेली। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के करीबी और शहर में हुए बवाल के आरोपी डॉ. नफीस की नावल्टी स्थित मार्केट को नगर निगम ने सोमवार को सील कर दिया। इसमें 74 दुकानें हैं। इसी मार्केट में आईएमसी का दफ्तर भी संचालित किया जा रहा था। उस पर भी नगर निगम ने ताला लगा दिया है। आरोप है कि नाले पर कब्जा कर यह मार्केट बनाई गई है। वहीं, आईएमसी के पूर्व जिलाध्यक्ष और तौकीर के सिपहसलार नदीम को भी पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उपद्रव की तफ्तीश के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि एसआईटी में एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में तीन सीओ और 14 इंस्पेक्टर शामिल हैं।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि पहलवान साहब की मजार के पास की मार्केट की कई दुकानें नाले पर बनी हैं जो अवैध हैं। मौर्य के मुताबिक सीलिंग की रणनीति पहले ही तय हो गई थी। शनिवार शाम को ही नगर निगम की टीम ने मार्केट की पैमाइश कर ली थी। रविवार को अवकाश की वजह से कार्रवाई नहीं हो सकी। सोमवार को टीम मौके पर पहुंची और दुकानदारों को सामान निकालने के लिए कहा। जैसे-जैसे दुकानें खाली होती गईं, एक-एक कर उनको सील किया गया। फिर पूरी मार्केट पर बाहर से भी सील लगा दी।
मार्केट के दूसरे तल पर स्थित आईएमसी कार्यालय में बैठकर नफीस जिले में होने वाले संगठन के सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करता था। इस कार्यालय में मौलाना तौकीर का दो-तीन बार ही आना-जाना हुआ है। डॉ. नफीस ही संगठन की पूरी रणनीति को अंजाम देता था। नफीस का करीबी पार्षद अनीस सकलैनी मार्केट में पंचायत लगाकर बैठता था। पिछले दिनों नफीस ने आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर उतारने पर किला इंस्पेक्टर को हाथ काटने और वर्दी उतारने की धमकी दी थी। उसका वीडियो भी वायरल होने पर केस दर्ज किया गया। ब्यूरो
-
पुलिस का वायरलेस हैंडसेट लेकर भागा था नदीम, कराया बरामद
आईएमसी का पूर्व जिलाध्यक्ष और मौलाना तौकीर का खास गुर्गा नदीम खां उपद्रव के दौरान पलिस का वायरलेस हैंडसेट भी छीनकर ले गया था। कोतवाली पुलिस ने नदीम की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर हैंडसेट बरामद कर लिया। माना जा रहा है कि नदीम व अन्य आरोपियों ने पुलिस की गोपनीय बातें सुनने के लिए इस हैंडसेट का इस्तेमाल किया होगा। साथ ही, वह सेट जिस टीम का रहा होगा, उसका दूसरी टीमों से संपर्क भी टूट गया होगा।
भड़काने वालों में सबसे आगे था नदीम
एसएसपी अनुराग आर्य ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि नदीम खां मौलाना तौकीर का बेहद भरोसेमंद है। शुक्रवार को बवाल के दौरान भीड़ को उकसाकर प्रदर्शन की अगुवाई करने वालों में वह सबसे आगे था। कोतवाली प्रभारी अमित पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार रात कोतवाली क्षेत्र से ही नदीम की गिरफ्तारी की।
========
29 और आरोपियों की हुई गिरफ्तारी, तमंचा बरामद
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने नदीम के साथ ही मुस्तकीम, जफरुद्दीन, मोहम्मद इमरोज, मुसरोफ शेख, शमशेर रजा, मोहम्मद उवैस, राहिल, मोहम्मद साजिद, समीर, जीशान, फैसल, तौहीद खान व फरमान को भी अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया। साथ ही, 12 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस व एक खोखा भी बरामद किया गया। बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि कसाई टोला निवासी उमेद, मुस्तकीम, अरबाज, कलीम, मोबीन, नाजिम रजा, मोहसिन, शाकिब, रफीक, जैनुल, तौहीन, फैसल, मोबीन पुत्र छोटेशाह, अरशद व सुब्हान को गिरफ्तार कर लिया गया।
:::::::::::
हाथ जोड़कर बोले आरोपी- नहीं करेंगे पत्थरबाजी
प्रेसवार्ता के बाद आरोपियों को पुलिस लाइन से कोर्ट और फिर वहां से जेल भेज दिया गया। इस दौरान आरोपियों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी कि भविष्य में पुलिस पर पथराव व बवाल जैसी कोई गलती नहीं करेंगे। हालांकि, इस दौरान नदीम ने हाथ नहीं जोड़े। लोगों ने टोका तो भी वह अकड़ दिखाता रहा। कोतवाल अमित पांडेय ने नदीम को आंखें दिखाईं तो उसने हाथ थोड़ा ऊपर कर लिया।
====================
इंटरनेट बंद होने से लोगों को परेशानी
स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि इंटरनेट सेवा बंद होने से दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बैंकिंग सेवाएं ठप हैं। एटीएम बंद पड़े हैं और नियमित लेन-देन प्रभावित हो रहे हैं। थोक दवा व्यापार ठप हो गया है। संपत्ति पंजीकरण का काम रुक गया है। यहाँ तक कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत आने वाले मरीज़ भी इलाज के लिए परेशान हैं। शॉपिंग मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की संख्या कम हो गई है। भारतीय उद्योग संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि बड़े कारोबारी पड़ोसी जिलों में जाकर इंटरनेट का इस्तेमाल कर काम कर रहे हैं। जबकि छोटे व्यापारी और उपभोक्ता इसका खामियाजा भुगत रहे हैं।
=================
डीआईजी रेंज के निर्देश पर एसआईटी गठित
बरेली। शहर में शुक्रवार को हुए बवाल की जांच के लिए डीआईजी रेंज अजय कुमार साहनी के निर्देश पर एसएसपी अनुराग आर्य ने एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी में एसपी सिटी मानुष पारीक के सुपरविजन में तीन सीओ और 14 इंस्पेक्टर शामिल है। ब्यूरो