बहेड़ी। बहादुरगंज और सिगौती गांवों में गेहूं की फसल में लगी आग से हुए नुकसान का आकलन प्रशासन ने पूरा कर लिया है। प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों गांवों में गेहूं की कुल 730 बीघा फसल जलकर राख हो गई है। इससे 344 किसानों को नुकसान हुआ है। राजस्व टीम ने अपनी रिपोर्ट स्थानीय और जिला प्रशासन को भेज दी है।
गांव सिगौती के खेतों में सोमवार दोपहर आग लग गई थी, जो बहादुरगंज के खेतों तक फैल गई थी। कल तक प्रशासन ने 250 बीघा गेहूं जलने की बात कही थी। अब पूरा आकलन हो चुका है। गांव बहादुरगंज में गेहूं की 28.5 हेक्टेयर (करीब 430 बीघा) फसल जली। इससे 275 किसान प्रभावित हुए हैं। वहीं, सिगौती में गेहूं की 14 हेक्टेयर (करीब 280 बीघा) फसल जल गई। इससे 69 किसानों का नुकसान हुआ। प्रशासन अब इन किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
30 किसानों ने लिया कर्ज, अब मुआवजे की मांग
इस घटना से किसानों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। 30 किसान ऐसे हैं जिन्होंने बैंक या साहूकार से कर्ज लेकर फसल तैयार की थी। उनकी तैयार फसल आग में जल गई। इससे उनके अरमान भी जलकर राख हो गए। उनको कर्ज चुकाने की चिंता सता रही है। मंगलवार को राजनीतिक दलों के नेता गांवों में पहुंचे और उचित मुआवजे की मांग की। इनमें भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि रवि मल्होत्रा, बसपा नेता नसीम अहमद, विधायक अताउर रहमान और भाकियू के तहसील अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि शामिल रहे।
राजस्व विभाग की टीम दोनों गांव में नुकसान का आकलन कर रही हैं। टीम की रिपोर्ट भेज कर शासन से किसानों को राहत दिलाई जाएगी। - इशिता किशोर, एसडीएम, बहेड़ी