बरेली। निर्वाचन आयोग के कंट्रोल रूम में एक सैन्य अफसर ने कालोनी की दीवार टूटी होने की शिकायत पहुंची है। इसके अलावा कई मतदाताओं ने वोटर लिस्ट में नाम कटे होने की जानकारी दी है। जबकि मेयर उमेश गौतम ने अमृत योजना में स्वीकृत मल जल शोधन संयत्र लगाने के लिए अनुमति मांगने का मामला भी यहां पहुंचा है। कंट्रोल रूम के स्टाफ ने इस मामलों को जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के पास भेज दिए हैं।
एक सैन्य अफसर की कंट्रोल में शिकायत पहुंची है कि कमल किशनकुंज कालोनी बीडीए से स्वीकृत है और उसके चारों तरफ दीवार हैं। जिसके एक ओर राम वाटिका भी है। उनकी शिकायत है कि एक व्यक्ति ने दीवार तोड़कर वहां दरवाजा लगा लिया है। इस मामले में पूर्व में शिकायत भी हो चुकी हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा आंवला के ग्राम कल्यानपुर के कई लोगों ने शिकायत की है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए है। जबकि मनमाने तरीके से तमाम लोगों के दो-दो बार नाम दर्ज हैं। मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत एसडीएम आंवला को भी भेजी गई थी। कंट्रोल रूम के स्टाफ ने इस मामले को डीएम के पास भेजा था। वहां से इसकी जांच एसडीएम आंवला से करने के आदेश जारी हो गए हैं। कंट्रोल रूम में ही मेयर उमेश गौतम ने अमृत योजना से एक प्रोजेक्ट को मंजूर करने का मामला भेजा है। इसमें मेयर ने अमृत योजना के तहत मंजूर मल जल शोधन संयत्र और उससे संबंधित कार्यों के लिए 14.43 करोड़ मंजूर होने की बात कहते हुए टेंडर प्रक्रिया के भी पूरा होने की बात कही है।