बरेली। मॉडल रोड पर सर्विस लेन में दुकान के सामने कट बनाने की मांग को लेकर मंगलवार को कुछ व्यापारियों ने काम रुकवा दिया। सूचना पर पहुंची निगम टीम ने लोगाें को समझाकर काम शुरू कराया।
डीडीपुरम चौराहे से शील चौराहे तक नगर निगम मॉडल रोड बना रहा है। करीब साढ़े करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट में सर्विस लेन, ग्रीन बेल्ट, सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर और नाले आदि का काम किया जा रहा है। मंगलवार शाम को कुछ व्यापारियों ने सर्विस लेन में दुकान की ओर कट लगाने की मांग शुरू कर दी। ठेकेदार के कर्मचारियों ने मना किया तो व्यापारियों ने हंगामा करके काम रुकवा दिया। सूचना पर नगर निगम से निर्माण विभाग के अफसर मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को समझाकर काम शुरू कराया। इस दौरान एक-डेढ़ घंटे काम बंद रहा।